कटनी. जिले भर में सूदखोरी के कई मामले सामने आ रहे हैं। बीती रात बरही थाना क्षेत्र के ग्राम बिचपुरा में हुए विवाद के बाद रविवार को सूदखोरी का एक और मामला सामने आया है। स्थिति यह है कि सूदखोर ब्याज की मनमानी रकम व मूलधन वसूलने के लिए लोगों का अपहरण कर मारपीट करते हैं। सूदखोरों से तंग आकर कुछ लोग न्याय के लिए पुलिस की चौखट के चक्कर काटकर थक हारकर बैठ गए हैं। कुछ डर के कारण शिकायत नहीं कर रहे। बरही थाना क्षेत्र के ग्राम बिचपुरा निवासी संतलाल ने बताया कि निरोध नाम का पारधी कई दिनों से उसे परेशान किए हुए है। जरूरत पडऩे पर उससे 3 साल पहले 30 हजार रुपये उधार लिए थे। तीन साल में निरोध ब्याज जोड़कर डेढ़ लाख रुपये बनाए हुए है। संतलाल ने बताया कि वह 30 हजार के बदले एक लाख रुपये दे चुका है, अभी भी 38 हजार रुपये का कर्ज बना हुआ है। हर माह ब्याज भी बढ़ जाती है। पारधी कई बार विवाद करते हैं। यदि रुपये देने में देरी हो जाती है तो घर से उठाकर ले जाते हैं।
आधा दर्जन से अधिक लोग शिकार
ग्रामीणों ने बताया कि पारधी समुदाय के लोग अकेले बिचपुरा गांव में आधा दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाए हुए हैं। जरुरत पडऩे पर ग्रामीणों की मदद तो कर देते हैं, फिर ब्याज और मूलधन वसूली के लिए परेशान करते हैं। डराते-धमकाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कि रुपये न देने पर किसी की बकरी तो किसी का सामान लेकर चले जाते हैं। विरोध करने पर विवाद करते हैं। पारधियों का गिरोह बड़ा खतरनाक है। यदि किसी के साथ विवाद हुआ या कोई सामान उठाकर ले गए और लोग उनके घर जाते हैं तो एक आवाज में पूरे पारधी एकत्रित हो जाते हैं। लोगों को घेर लेते हैं और धमकी देते हैं। दहशत के कारण लोग कहीं शिकायत भी नहीं करते।
इनका कहना है
पारधी समाज के लोगों द्वारा विवाद करने से गांव के लोग परेशान हैं। पारधी निरोध और झरोस गांव में आतंक मचाए हैं। लोगों की जमीन पर कब्जा करते हैं, मारपीट कर रहे हैं। इनपर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
भनिया बाई, बिचपुरा निवासी।
पारधी समाज के लोग आदिवासी की जमीन में कब्जा कर मकान बनाए हैं। आए दिन ग्रामीणों से विवाद कर रहे हैं। लोगों से मारपीट करते हैं। महिलाओं बच्चों को भी मारते हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
रूबई लाल, सरपंच ग्राम पंचायत बिचपुरा।
बिचपुरा में अब शांति है। ग्रामीणों को समझाइश दी गई है। आरोपियों की तलाश जारी है। जो भी थाना क्षेत्र में सूदखोरी के शिकार हैं वे निर्भीक होकर आएं और शिकायत दर्ज कराएं। दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई होगी।
राजेश दुबे, थाना प्रभारी बरही।
सूदखोर से परेशान पीडि़त ने कहा पुलिस नहीं लिख रही रिपोर्ट, टीइआइ बोले नहीं है जानकारी:
माधवनगर थाना क्षेत्र में भी एक सूदखोरी का मामला सामने आया है। बरगवां में पान का टपरा लगाने वाले सीताराम साहू ने बताया कि किसी यादव सूदखोर से 5 लाख रुपये लिए थे। 8 लाख रुपये से अधिक दे चुका है, इसके बाद भी सूदखोर पांच लाख रुपये से अधिक के चेक रखकर उसे परेशान कर रहा है। 15 से 20 प्रतिशत से अधिक दर की ब्याज वसूली कर रही है। इस मामले में सीताराम साहू का कहना है कि कई बार माधवनगर थाने गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस मामले को लेकर माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। यदि पीडि़त थाने आता है तो मामले की जांच कराई जाएगी।
…इधर जांच में जुटी पुलिस
एनकेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत रोशननगर में बेहोश मिली रेलवे कर्मचारी की पत्नी रेखा जॉनसन मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। मामले में यह चर्चा सामने आई थी कि सूदखोरों द्वारा उसे परेशान किया जा रहा था। जिसको लेकर एएसपी संदीप मिश्रा ने थाना प्रभारी को जांच करने के निर्देश दिए थे। हालांकि महिला की हालत में सुधार न होने के कारण अभी तक पुलिस बयान नहीं ले पाई है।
इनका कहना है
सूदखोरी के मामले तत्काल दिखवाए जाएंगे। इस संबंध में कटनी एसपी को सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा जाएगा। जो भी पीडि़त हैं थाने में आकर शिकायत करें, पुलिस दोषियों पर कार्रवाई करेगी।
भगवत सिंह चौहान, आइजी।