
Loader driver murdered on National Highway
कटनी. स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे-30 पर ग्राम छपरा बॉर्डर के पास एक लोडर वाहन चालक की शुक्रवार रात नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वाहन के अंदर रक्तरंजित हालत में शव मिलने से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के अनुसार मृतक की पहचान राकेश दाहिया (26) निवासी लखराम मोहल्ला वार्ड क्रमांक 14 सिहोरा (जबलपुर) के रूप में हुई है। वह जबलपुर निवासी राजेंद्र सिंह का लोडर वाहन क्रमांक एमपी 20 जी 6242 चलाता था। शुक्रवार को वह सिहोरा से बिलहरी मटका लेने के लिए निकला था और सामान लेकर वापस लौट रहा था।
रात के समय पिपरौध के पास जायसवाल ढाबे में वह दो अन्य व्यक्तियों के साथ देखा गया था, जहां कोल्ड्रिंक्स ली। रात 10 बजकर 56 मिनट के आसपास वह दो लोगों के साथ पिपरौंध शराब दुकान में भी गया और इसके बाद सिहोरा के लिए रवाना हुआ। कुछ समय बाद वाहन तेवरी मोड़ पर खड़ा रहा है और लगभग 15 मिनट के बाद वह घटना स्थल पर पहुंच गया। रात करीब 11.30 बजे के बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजन और वाहन मालिक लगातार संपर्क करने का प्रयास करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
जीपीएस लोकेशन के आधार पर वाहन छपरा के पास हाईवे किनारे खड़ा मिला। देर रात राहगीरों ने बीच सडक़ पर वाहन खड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची स्लीमनाबाद पुलिस ने देखा कि चालक वाहन के अंदर खून से लथपथ पड़ा था और वाहन के नीचे खून टपक रहा था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार को एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी और थाना प्रभारी सुदेश सुमन सहित उप निरीक्षक अनिल यादव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शव को पोस्टमार्टम के लिए स्लीमनाबाद अस्पताल भेजकर मर्ग कायम किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वाहन में रखे टायर लीवर जैसे भारी औजार से हमला कर हत्या की है। घटना स्थल से कुछ दूरी पर जंगल में हत्या में प्रयुक्त औजार भी बरामद किया गया है।
मामले में पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल (सीडीआर) खंगाल रही है। ढाबे पर साथ दिखे दो संदिग्धों की तलाश की जा रही है। वारदात के बाद मृतक का मोबाइल भी गायब है, जिससे हत्या की साजिश और लूट की आशंका भी जताई जा रही है। मौके पर साइबर और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने भी जांच की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा, हालांकि कुछ माह पहले भी स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में हाइवे किनारे एक टपरे के पीछे लाश मिली थी, जिसकी आजतक शिनाख्त तक नहीं हो पाई।
Published on:
12 Apr 2026 11:09 am
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
