
लेने गया था दारू-चखना हो गई पिटाई, शिकायक करने चला तो रास्ते में आ गई मौत, बड़ी अजीब है ये घटना
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के अंतर्गत आने वाले विजयराघवगढ़ थाना इलाके के ग्राम डिठवारा के पास एक तेज रफ्तार मोटर सायकल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। हादसे में मोटर सायकल चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा दूसरा शख्स गंभीर रुप से घायल हुआ है, जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि ग्राम कन्हवारा में रहने वाले 24 वर्षीय रंजीत पिता मनीराम बर्मन और ग्राम पटवारा में रहने वाले 26 वर्षीय नीतेश पटैल मोटर सायकल पर सवार होकर रविवार रात को शराब लेने ग्राम डिठवारा की शराब दुकान पर पहुंचे थे, जहां उनका विवाद शराब दुकान के कर्मचारियों से हो गया। यहां मारपीट के बाद अन्य कर्मचारियों के विवाद शांत कराने के बाद जैसे तैसे वो शराब की बोतल लेकर दोनों दुकान से बाहर तो आ गए, लेकिन शराब दुकान के पास ठेले पर खड़े चखना बेचने वाले से भी उनका विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि यहां भी रंजीत और नीतेश के साथ जमकर मारपीट हुई, जिसमें रंजीत के सिर में चोट भी आ गई।
खंभे से टकराई बाइक, एक की मौत दूसरा गंभीर
मारपीट का शिकार रंजीत और नीतेश मामले की शिकायत दर्ज कराने अपनी बाइक पर सवार होकर विजयराघवगढ़ थाने के लिए निकल पड़े। इसी दौरान तेज रफ्तार मोटर सायकल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खंभे से टकराई। इस हादसे में बाइक चालक रंजीत की सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त नीतेश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीएम के बाद परिजन को सौंपा शव
घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नीतेश को उपचार के लिए तत्काल विजयराघवगढ़ शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक लगने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। इधर दुर्घटना में जान गवाने वाले रंजीत का पंचनामा बनाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया। साथ ही सोमवार को पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चखना बेचने वाले को परिजन ने पीटा
ये जानकारी भी सामने आई है कि दुर्घटना में जान गवाने वाले रंजीत बर्मन के परिजन अपने कुछ साथियों को लेकर शराब दुकान के पास स्थित चखना बेचने वाले के पास पहुंचे और उसके साथ मारपीट भी की है। भीड़ द्वारा बेरहमी से पिटाई के बाद जख्मी हुए चखना वाले की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। उसका इलाज भी अस्पताल में चल रहा है।
थाना प्रभारी ने कही ये बात
वहीं, दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी लेने विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी अनूप सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें अबतक सिर्फ सड़क दुर्घटना के संबंध में ही जानकारी है। उसके पहले रंजीत और नीतेश के साथ क्या हुआ थी, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
Published on:
18 Dec 2023 07:39 pm
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
