कटनी. पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा जबलपुर मंडल के कटनी-सिंगरौली रेलखंड पर यार्ड रिमॉडलिंग और चार अतिरिक्त रेल लाइनों की स्थापना के लिए गोंदवाली स्टेशन पर प्री-एनआई (नॉन इंटरलॉकिंग) कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के चलते 18 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है, जिसमें कुछ गाडिय़ां निरस्त रहेंगी और कुछ के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं। कई माह से यह निर्णय रेलवे द्वारा लिया जा रहा है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के समय लिए गए इस निर्णय से यात्रियों को भारी परेशानी होगी।
रेलवे द्वारा कई जोन में रेल अधोसंरचना, यार्ड रिमॉडलिंग, एनआई-प्रीएनआई, थर्डलाइन कनेक्टिविटी, स्टेशन, पुल आदि में काम के चलते ट्रेनों को रद्द करने, परिवर्तित करने का निर्णय लिया जा रहा है। थोक के भाव ट्रेनें रद्द करने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। कई यात्री ऐसे होते हैं कि अपने कार्यक्रम कई माह पहले तय कर रखे होते हैं। रिजर्वेशन करा लेते हैं, उन्हें अपने गंतव्य तक जाना जरूरी होता है, लेकिन ट्रेनें रद्द होने से भारी समस्या हो रही है। काम पूरा होने के बाद भले ही यात्रियों को सहूलियत होगी, लेकिन अभी मुसीबत आ बनी है।