
MLA did cleaning in offices
कटनी. राष्ट्रीपिता महात्मा गांधी की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला पंचायत सीइओ श्री जगदीशचंद्र गोमे द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार डिस्टिक कोऑर्डिनेटर स्वच्छ भारत मिशन आनंद पांडे के निर्देशन में जनपद मुख्यालयों पर स्वच्छता माह में स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों में स्वच्छता रैली, स्वच्छता शपथ, लोक चित्रकला से स्वच्छता संवाद एवं शासकीय भवनों सहित अन्य स्थलों पर साफ-सफाई संबंधी स्वच्छता की गतिविधियां की जा रही हैं। इसी क्रम में बड़वारा विधायक बड़वारा विजय राघवेंद्र सिंह द्वारा जनपद पंचायत बड़वारा की ग्राम पंचायत भवन बड़वारा कार्यालय में साफ-सफाई की जाकर एक प्रेरक संदेश दिया गया। इस दौरान श्री सिंह ने स्वच्छता शपथ दिलाई एवं पौधारोपण भी किया। विधायक विभिन्न शासकीय कार्यालयों में जाकर विगत स्वच्छता अभियान के तहत निरंतर साफ सफाई की जा रही है। जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायत कन्हवारा, रीठी की बड़ागांव एवं विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायत नन्हवाराकला में विभिन्न प्रकार की स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें शासकीय भवनों एवं आसपास के परिसर की साफ-सफाई एवं पौधारोपण करते हुए जिले की समस्त ग्रामपंचायतों को स्वच्छ साफ रखने सहित हरा भरा रखने का संदेश सीईओ जिला पंचायत जगदीशचन्द्र गोमे ने दिया।
यहां भी पहुंचे अफसर
जनपद पंचायत रीठी की ग्राम पंचायत बडग़ांव पहुंच कर विभिन्न प्रकार की आयोजित स्वच्छता गतिविधियों में सम्मिलित होकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान गोमे ने प्रधानमंत्री आवास गौशाला एवं गौशाला निर्माण कार्यो का भी निरीक्षण किया। जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायत कन्हवारा में भी जनपद अध्यक्ष कन्हैया तिवारी ने ग्राम पंचायत भवन एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों के बीच जाकर शासकीय भवनों की साफ-सफाई स्वयं की एवं स्वच्छता शपथ दिलाई। जगदीशचंद्र गोमे द्वारा बडग़ांव में सीइओ जनपद प्रदीप सिंह एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में पौधारोपण भी किया।
दी फीडबैक की जानकारी
स्वच्छता शपथ एवं संकल्प के दौरान स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण 2019 के फीडबैक के लिए फ्री टोल नंबर 185720112 एवं एंड्राइड एप्लीकेशन एसएसजी 19 का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारियों को भी फीडबैक दर्ज कराने के लिए निर्देशित किया। लोक चित्रकला से स्वछता संवाद की गतिविधियां में तेजी लाने के लिए निर्देश दिए। इस दौरान जनपद पंचायत सीइओ बड़वारा ज्ञानेंद्र मिश्रा, विजयराघवगढ़ में प्रभा तेकाम, बहोरीबंद एवं ढीमरखेड़ा में भी स्वच्छता साफ-सफाई की गतिविधियां आयोजित हुई। इस दौरान पंचायत समन्वय अधिकारी योगेंद्र कुमार असाटी, बीएमओ राज सिंह ठाकुर, बीसी एसबीएम संतोष पाठक, श्रद्धा पाठक, बबीता सिंह, जग्गी पटेल, नीरज जैन, नवीन साहू आदि मौजूद रहे।
Published on:
11 Sep 2019, 12:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.