6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में भाजपा विधायक की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, जमीन घोटाले को लेकर अपर मुख्य सचिव से शिकायत

MP News: मध्यप्रदेश के कटनी जिले की विजयराघवगढ़ सीट से भाजपा विधायक संजय पाठक की शिकायत कांग्रेस ने अपर मुख्य सचिव से की है।

2 min read
Google source verification

कटनी

image

Himanshu Singh

Feb 06, 2026

bjp mla sanjay pathak

फोटो सोर्स- पत्रिका

MP News: मध्य प्रदेश नगरीय विकास एवं आवास के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे कटनी दौरे पर पहुंचे थे। जहां कांग्रेस नेताओं ने बंद कमरे में हुई मुलाकात में विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक से जुड़े सायना हिल्स जमीन घोटाले का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। जिला पंचायत सीईओ के कक्ष में हुई इस मुलाक़ात में विधायक संजय पाठक पर शासकीय जमीन के कथित दुरुपयोग और नगर सुधार न्यास की भूमि में हेरफेर का आरोप लगाया गया। अपर मुख्य सचिव ने इस शिकायत पर कहा कि शासकीय जमीन के हेरफेर की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।

संजय पाठक के नाम शिकायत

युवक कांग्रेस प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने अपर मुख्य सचिव को सौंपी गई शिकायत में आरोप लगाया कि नगर सुधार न्यास की आवासीय योजना क्रमांक-15 की संपूर्ण अधिग्रहित भूमि को विधायक संजय पाठक ने अपने पद और राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए नगर निगम और राजस्व विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत कर अपनी पारिवारिक कंपनियों और परिजनों के नाम पर क्रय कराया। कांग्रेस का दावा है कि यह पूरा मामला सुनियोजित तरीके से भ्रष्टाचार और षड्यंत्र के तहत अंजाम दिया गया।

विधायक के सदस्यों के नाम हुई रजिस्ट्री

शिकायत में बताया गया कि वर्ष 1987 में नगर सुधार न्यास द्वारा ग्राम झिंझरी और ग्राम अमकुही की कुल 8.253 हेक्टेयर भूमि का विधिवत अधिग्रहण कर आवासीय योजना क्रमांक-15 बनाई गई थी, जिसमें आम जनता के लिए 311 भू-खंड प्रस्तावित थे। इसके बावजूद वर्ष 2010 में अधिग्रहित भूमि की रजिस्ट्री पर रोक के निर्देश होने के बाद भी संबंधित जमीनों की रजिस्ट्री विधायक संजय पाठक की पारिवारिक कंपनियों और सदस्यों के नाम पर कर दी गई।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक संजय पाठक से जुड़े लोगों ने ग्राम झिंझरी और अमकुही के बीच स्थित सरहदी नाले से छेड़छाड़ कर उसका रुख बदलवाया, जिससे सरकारी और नगर सुधार न्यास की अन्य योजनाओं की भूमि पर अवैध कब्जा संभव हो सका। नाले की शिफ्टिंग के बाद ग्राम झिंझरी का रकबा लगभग 6 एकड़ बढ़ जाना भी गंभीर अनियमितता बताया गया।

अपर मुख्य सचिव ने जांच का भरोसा दिया

अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने कांग्रेस नेताओं की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि शासकीय जमीन के किसी भी प्रकार के हेरफेर की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच में यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सायना हिल्स जमीन घोटाला सीधे तौर पर विधायक संजय पाठक की भूमिका से जुड़ा है और इसकी निष्पक्ष जांच ही सच्चाई सामने ला सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले को दबाने की कोशिश हुई तो कांग्रेस इसे जनआंदोलन का रूप देगी।