
Ordnance Factory, Carbut Material, Theft, General Manager, Katni News
कटनी। आयुध निर्माणी कटनी से वरनगांव (महाराष्ट्र) आयुध निर्माणी के लिए ट्रक की केबिन में छिपाकर छह बोरी कारतूस मटेरियल भेजे जाने का मामला सामने आया है। अनाधिकृत तरीके से भेजे गए इस मटेरियल को महाराष्ट्र आयुध निर्माणी के सुरक्षा विभाग ने पकड़ लिया। निर्माणी की विभिन्न यूनियन ने इस आशय का पत्र महाप्रबंधक को लिखकर जांच व प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
यूनियन द्वारा बताया गया है कि 3-4 अक्टूबर को आयुध निर्माणी कटनी से जीएम नाटो व जीएम 5.56 कप (कारतूस के आगे लगने वाला कप) को ट्रक से बरनगांव (महाराष्ट्र) के लिए प्राइवेट ट्रक से भेजा गया था। वरनगांव निर्माणी के अंदर जब सुरक्षा अनुभाग के द्वारा ट्रक चैक किया गया तो केबिन के छत के ऊपर अनाधिकृत रूप से छह बोरी माल अधिक पाया गया। इन बोरियों में छह क्विंटल माल पाया गया।
मेन्यूअल बनाए डाक्यूमेंट
बताया गया है कि अतिरिक्त भेजे गए मटेरियल डाक्यूमेंट को भी मेन्यूअल बनाया गया। जिससे मटेरियल की क्वांटिटी को घटाया-बढ़ाया जा सके। ऐसा स्टोर व स्टोर इश्यू अनुभाग द्वारा किया गया है।
पहले भी चोरी हो चुका है पीतल
बताया गया है कि आयुध निर्माणी में एचसीसी की पीतल प्लैट व पानी के टैंकर से तांबा की चोरी पूर्व में हो चुकी है। उसी तरह जीएम नाटो व जीएम 5.56 कप में भी चोरी की जा रही है। यह चोरी वर्षों से जारी है।
रैकेट सक्रिय, छोटे कर्मियों पर गिरी गाज
पत्र में यूनियम ने आयुध निर्माणी में रैकेट सक्रिय होने की आशंका जताई है। पत्र में लिखा गया है कि एक संगठित गिरोह द्वारा देश की सुरक्षा से जुड़े सामान की खरीद-फरोख्त की जा रही है, जिससे देश की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो रहा है। बताया जा रहा है कि यूनियन के पत्र के बाद निर्माणी प्रबंधन ने दो तृतीय श्रेणी कर्मचारियों के निलंबन की कार्रवाई की है।
Published on:
15 Oct 2022 05:53 pm

