
रोजगार दिवस कार्यक्रम.
कटनी. लोगों को स्व रोजगार से जोडऩे के लिए हर माह रोजगार दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत बुधवार को द्वारका भवन में जिला स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल, जिला पंचायत प्रशासनिक समिति प्रधान ममता पटेल, जनपद पंचायत कटनी प्रशासनिक समिति प्रधान शैलेष कन्हैया तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामरतन पायल, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे उपस्थित रहे।
रोजगार मेले का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित व कन्या पूजन कर किया। इस अवसर पर विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की मंशानुरूप हर माह रोजगार दिवस कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में बहुत से लोगों की जमा पूंजी खत्म हो गई थी और वे अपना व्यापार फिर से कर सकें, इसके लिए अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ दिया जा रहा है। विधायक ने हितग्राहियों से कहा कि स्व रोजगार स्थापित करने मिलने वाली राशि का सदुपयोग करें और समय पर राशि बैंक में जमा कर आगे भी योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यापार मजबूत करें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में रीवा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भी सीधा प्रसारण किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिथियों ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन, मुयमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मध्यप्रदेश राज्य आजीविका मिशन, पीएम स्वनिधि, स्व रोजगार योजना सहित पशुपालन व अन्य विभागों की योजनाओं के 883 हितग्राहियों को 26 करोड़ 35 लाख 77 हजार रूपये की ऋण स्वीकृति पर राशि व स्वीकृति पत्रों का वितरण किया। इस दौरान आयुक्त नगर निगम सतेन्द्र धाकरे, महाप्रबंधक जिला व्यापार व उद्योग अजय श्रीवास्तव, जनपद पंचायत कटनी सीईओ आरएन सिंह सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।
Updated on:
31 Mar 2022, 10:26 PM IST
Published on:
31 Mar 2022, 10:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.