कटनी. जिले की बालिका शिक्षा को डिजिटल रूप देने की दिशा में शिक्षा विभाग द्वारा अच्छी पहल की जा रही है7 जिले के 6 कन्या छात्रावासों में स्मार्ट क्लासें तैयार की जाएंगी, जिससे छात्राओं को आधुनिक तकनीक के साथ पढ़ाई का अवसर मिल सकेगा। इन स्मार्ट क्लासों में डिजिटल बोर्ड, प्रोजेक्टर, ई-कंटेंट और हाईस्पीड इंटरनेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्मार्ट क्लास का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा और आगामी कुछ दिपसें में इन छात्रावासों में स्मार्ट क्लासें पूरी तरह तैयार होकर संचालन में आ जाएंगी। विभागीय निरीक्षण के बाद तकनीकी उपकरणों की स्थापना की जाएगी। यह योजना न केवल शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाएगी, बल्कि छात्राओं को आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सक्षम भी बनाएगी। शिक्षा विभाग द्वारा भुड़सा, विजयराघवगढ़, स्लीमनाबाद, पहाड़ी, सिलौड़ी और रीठी के कन्या छात्रावासों को इस योजना में शामिल किया गया है। प्रत्येक छात्रावास में स्मार्ट क्लास तैयार करने के लिए 4-4 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।