कटनी. रंगनाथनगर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह हत्या पुष्पा फिल्म की शैली में बेहद बेरहमी से की गई थी, जिसमें कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर युवक की जान ले ली गई। हत्या का यह मामला न केवल पुलिस के लिए एक चुनौती था, बल्कि क्षेत्र में दहशत का माहौल भी बना रहा। पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन, नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी नवीन नामदेव की टीम ने मामले का पर्दाफाश किया।
एसपी ने बताया कि 11 अप्रेल की सुबह रंगनाथनगर थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कटनी साउथ स्टेशन के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि अज्जू उर्फ अजय भुमिया, निवासी नया गांव लखेरा, का शव खुले मैदान में पड़ा था। उसके गले और गाल पर धारदार हथियार से कई बार वार किए गए थे। प्रथम दृष्टया यह मामला अज्ञात आरोपी द्वारा की गई निर्मम हत्या प्रतीत हुआ, लेकिन न तो मौके पर कोई सीसीटीवी फुटेज था और ना ही मृतक के पास मोबाइल फोन, जिससे जांच को कोई क्लू मिल सके।