कटनी. ट्रेनों में लुट, चेन स्नैचिंग, मोबाइल चोरी की आयेदिन हो रही घटनाओं के बीच अब स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया भी यात्रियों के लिए महफूज नहीं हैं। मुख्य रेलवे स्टेशन कटनी जंक्शन के बाहर कुछ माह पहले एक यात्री पर फायरिंग कर दी गई थी, अब यात्री के साथ चाकू से संघातिक हमला कर बैग व रुपए बदमाशों ने लूट लिए हैं। यह घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच की औपचारिकता शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बालेंद्र सोनी पिता सुरेश सोनी (23) निवासी कमानिया गेट के समीप बरही मजदूरी करने के लिए पुणे जा रहा था। ट्रेन पकडऩे के लिए कटनी जंक्शन पहुंचा था। वह सर्कुलेटिंग एरिया में शुक्रवार रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच ट्रेन का इंतजार कर रहा था, तभी बदमाशों ने पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।