
Railway News: ट्रेनों में बढ़ रही यात्रियों की भीड़..
कटनी. हरदुआ स्टेशन के पास मासूम बच्चे को गोद में लेकर एक पिता ट्रेन के सामने आ गया। ट्रेन की ठोकर से जहां मासूम बच्चे की मौत हो गई वहीं पिता अस्पताल में जंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। कुठला थाना पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हादसा मानते हुए मर्ग कायम किया है। मामले में आत्महत्या किए जाने की चर्चाएं भी है। बच्चे की मां की मौत बीते वर्ष हो चुकी है। कहा जा रहा है कि पत्नी की मौत से दुखी पति मासूम को साथ लेकर ट्रेन के सामने आ गया था।
कुठला थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि कन्हैया बर्मन निवासी ग्राम हरदुआ थाना कुठला दो वर्षीय बेटे राजू बर्मन के साथ 16 नवंबर को खेत गया था। रास्ते में रेलवे लाइन पड़ती है। आशंका है कि जब वह मासूम बच्चे के साथ रेलवे लाइन पार कर रहा था, इसी दौरान ट्रेन आ गई और पिता-पुत्र दोनों इसकी चपेट में आ गए। हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई है। पिता गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार जबलपुर में जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि एक साल पहले मां की भी मौत हो गई है, पत्नी के बाद पिता ने बच्चे को भी खो दिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराते हुए मर्ग प्रकरण दर्ज करते हुए मामले को जांच में लिया है।
मझगवां स्टेशन में दो अज्ञात लोगों की मौत
कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार शाम को मझगवां रेलवे स्टेशन के समीप एक अज्ञात युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि सूचना पर टीम को मौके पर भेजकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने जिला अस्पताल भेजकर शिनाख्तगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी प्रकार स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कटनी-जबलपुर रेलखंड पर 1054/20-21 किमी डाउन रोड ग्राम मटवारा के समीप अज्ञात युवक की ट्रेन से कटने के कारण मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराते हुए मर्ग प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
Updated on:
19 Nov 2024, 8:40 PM IST
Published on:
19 Nov 2024, 8:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.