कटनी. एक कलियुगी मां ने फिर ममता को तार-तार किया है। मुख्य रेलवे स्टेशन में मासूम को छोड़कर चली गई। बिलखते मासूम को जीआरपी ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जीआरपी थाना प्रभारी डीपी चड़ार ने बताया कि सोमवार की देरशाम कटनी जंक्शन में अज्ञात महिला लगभग 1 माह के बच्चे को छोड़कर टिकट घर के पास छोड़कर चली गईं। बच्चे को बिलखता देख समाज सेवी ऑटो चालक राजू पाल ने तत्परता दिखाई। तत्काल स्टेशन मास्टर संजय दुबे और जीआरपी पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद बच्चे को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
देखें सीसीटीवी कैमरे
घटना सामने आने के बाद जीआरपी भी सक्रिय हो गई है। सीसीटीवी लगातार खंगाले जा रहे हैं। कैमरे में एक महिला संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी है, लेकिन बताया जा रहा है कि चेहरा स्पष्ट नहीं है। हालांकि अभी लगातार तलाश की जा रही है। रेलवे में इस तरह के हाल में तीन मामले सामने आ गए। दो बच्चों को गोंडवाना एक्सप्रेस से चाइल्ड लाइन ने पकड़ा था।
इनका कहना है
सूचना पर तत्काल बच्चों को सुपुर्द में लिया गया। स्टेशन में एलाउंसमेंट भी कराया गया, लेकिन काफी देर तक मां व परिजन नहीं पहुंचे। फिर बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चे का उपचार जारी है। मामले में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश की जा रही है।
डीपी चड़ार, टीआइ जीआरपी।