9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अस्पताल ने नहीं दिया एंबुलेंस, भाई बाइक पर लादकर 10 किमी ले गया बहन का शव

Kaushambi News: एंबुलेंस नहीं मिलने पर एक शख्स को अपनी बहन का मृत शरीर तकरीबन 10 किलोमीटर तक मोटरसाइकिल पर रखकर ले जाना पड़ा.

2 min read
Google source verification
Kaushambi News

शव को बाइक पर ले जाता भाई

यूपी के कौशांबी जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एंबुलेंस नहीं मिलने पर एक शख्स को अपनी बहन का मृत शरीर तकरीबन 10 किलोमीटर तक मोटरसाइकिल पर रखकर ले जाना पड़ा। दरअसल, पिछले दिनों इंटरमीडिएट की परीक्षा में एक छात्रा का पेपर बिगड़ गया था। इसको लेकर छात्रा अवसाद में रहती थी, इसी के चलते उसने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।

आपको बता दें कि युवती परीक्षा में फेल होने के डर से गुरुवार शाम को फांसी के फंदे से लटक गई। उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।

पेपर खराब होने से परेशान थी युवती
घटना कौशांबी जिले के कोखराज थाने के अंबेडकर नगर इलाके की है। मृतका का नाम निराशा (16) था। युवती के भाई कुलदीप ने बताया, "बहन ने इंटर के पेपर दिए थे। पेपर अच्छे नहीं हुए थे इसलिए वह परेशान थी। कुछ दिन पहले ही रिजल्ट आने की खबर मिली, तो उसे फेल होने का डर सताने लगा।

इलाज के दौरान हुई मौत
गुरुवार को वह हम लोगों के साथ घर में बैठी थी। कुछ देर बाद कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आई, तो हम कमरे में गए। वहां देखा कि वह पंखे से लटकी हुई है। उसकी सांसें चल रही थीं। हम उसे तत्काल एक निजी हॉस्पिटल ले गए। जहां शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई।"

भाई ने बाइक पर लाई लाश
इसके बाद युवती के भाई ने अस्पताल प्रबंधन से मृत शरीर को ले जाने के लिए वाहन की मांग की, लेकिन 45 मिनट तक इंतजार करने के बाद भी वाहन उपलब्ध हो न सका। इसके बाद भाई कुलदीप मजबूरी में बहन के शव को मोटरसाइकिल से ले गया।
हॉस्पिटल से निकलते ही पुलिस भी दिखाई दी, लेकिन पुलिसकर्मी ने रोका तक नहीं मोटरसाइकिल से लाश को ले जाते वक्त किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने कही ये बात
CO सिराथू कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि थाना कोखराज के अंतर्गत एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद जो रिपोर्ट आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।