
कवर्धा में हनुमान मंदिर से 30 तोला चांदी का मुकुट चोरी ( Photo - Patrika )
Kawardha Crime News: कवर्धा शहर में एक बार फिर धार्मिक स्थल को चोरों ने निशाना बनाया है। रेवाबंध तालाब के पास नवीन बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर से अज्ञात चोर भगवान की प्रतिमा का 30 तोला चांदी का मुकुट चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रेवाबंध तालाब के समीप नवीन बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने भगवान हनुमान की प्रतिमा पर स्थापित मुकुट चोरी कर लिया। जब मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंचे, तब चोरी की घटना का पता चला। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और नाराजगी जताई।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में पिछले कुछ समय से मंदिरों में चोरी और देवी-देवताओं की मूर्तियों से छेड़छाड़ अथवा उन्हें खंडित किए जाने जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, इससे श्रद्धालुओं में नाराजगी है. लोगों ने बढ़ती वारदातों को देखते हुए मंदिरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. घटना के बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी करने, चोरी हुए मुकुट की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा शहर के मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है
Updated on:
30 Jun 2026 01:44 pm
Published on:
30 Jun 2026 12:41 pm
