22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कवर्धा में अधिकारियों पर भड़के पूर्व CM डॉ. रमन, कहा तलवे चाटना छोड़ दें नहीं तो तीन साल बाद पड़ेगा भारी

रमन सिंह ने अधिकारियों पर भी सख्त टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सरकार के नुमाइंदों का फोन आने पर ज्यादा स्वामी भक्ति दिखाने की जरूरत नहीं है न ही तलवे चाटने की जरूरत है।

2 min read
Google source verification
कवर्धा में अधिकारियों पर भड़के पूर्व CM डॉ. रमन, कहा तलवे चाटना छोड़ दें नहीं तो तीन साल बाद पड़ेगा भारी

कवर्धा में अधिकारियों पर भड़के पूर्व CM डॉ. रमन, कहा तलवे चाटना छोड़ दें नहीं तो तीन साल बाद पड़ेगा भारी

कवर्धा. कवर्धा में दुर्ग संभाग स्तरीय किसान महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा के दिग्गज नेता शामिल हुए। जिन्होंने किसानों को केन्द्र के तीन नए कृषि कानून की जानकारी देने के साथ ही राज्य की कांग्रेस सरकार और मंत्रियों पर जमकर भड़ास निकाली। वहीं अफसरों को साफ चेतावनी दी गई। कवर्धा के गांधी मैदान में आयोजित किसान महापंचायत में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि गंगा जल की कसम खाने वाले कांग्रेस की सरकार घर-घर शराब पहुंचा रही है। तीस प्रतिशत बाहरी शराब दुकानों में बिक रहा है। ये पैसा भूपेश बघेल के पास जा रहा है। रमन सिंह ने अधिकारियों पर भी सख्त टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सरकार के नुमाइंदों का फोन आने पर ज्यादा स्वामी भक्ति दिखाने की जरूरत नहीं है न ही तलवे चाटने की जरूरत है। सरकार के दो साल हो गए हैं। तीन साल बचा है। हम सरकार में आएंगे तो हिसाब किताब लेंगे।

जोश भरने की सभा
कवर्धा में आयोजित सभा जरूर किसानों को जागरूक करने व बिल की जानकारी देने के लिए किया गया था, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम भी सभा के माध्यम से किया गया। सभा को सांसद संतोष पांडेय, बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने सभा को संबोधित किया। वहीं कार्यक्रम में पूर्व विधायक अशोक साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, विजय शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल ठाकुर, रामकुमार भट्ट, ओमप्रकाश जोशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए बोली लग रही
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की दो साल की सरकार से जनता उब गई है। कब इनका कार्यकाल पूरा हो, तब राहत की सांस लें। प्रदेश में माफियाओं का राज आ गया है। यहां नफरत फैलाई जा रही है। एसपी कलेक्टर के ट्रांसफर पोस्टिंग के लिए बोली लग रही है। धान खरीदी में भुगतान समय पर नहीं हो रहा है। पिछले साल के धान का भुगतान मार्च में होगा। इस साल का कब होगा पता नहीं। प्रदेश में गोबर घोटाला होगा।

कांग्रेस दो साल में हर मोर्चे पर फेल
सभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला किया। कांग्रेस सरकार को दो सालों में हर मोर्चे पर फेल बताया। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है इसलिए कृषि बिल में अवसर खोज रही है। तीनों बिल किसानों के हित में है। किसानों को भी ये बात समझ आ गई है, लेकिन कांग्रेस उन्हें भड़काने का काम कर रही है। भूपेश सरकारे बिदाई होने वाली है। आने वाले समय में जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी।

भीड़ में मुख्य रूप से कार्यकर्ता
गांधी मैदान में आयोजित किसान महापंचायत में मुख्य रूप से भाजपा कार्यकताओं की ही भीड़ रही। दूसरी ओर शुक्रवार होने की वजह से शहर के बाजार व दुकानें बंद रही, जिसके कारण भी आम लोग इस महापंचायत से नहीं जुड़ सके। हालांकि गांव-गांव तक किसानों को आमंत्रित किया गया था लेकिन किसान अभी धान बेचने और रबी फसल की खेती में व्यस्त रहे।

बिना मास्क चिपककर बैठे रहे
कार्यक्रम में कोविड-19 के नियमों की अनदेखी की गई। सोशल डिस्टेंस तो भूल ही जाए क्योंकि लोग एक दूसरे से चिपककर बैठे थे। मंच पर अधिकतर नेताओं भी मास्क नहीं लगाया था। जबकि इतने बड़े आयोजन में पार्टी की ओर से सोशल डिस्टेंस बैठक और मास्क की व्यवस्था करनी थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। गिनती के लोगों के चेहरे पर ही मास्क दिखाई दिया।