
Rajnandgaon Lok Sabha Election 2024:लोकसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत कबीरधाम में 26 अप्रैल को मतदान है। कांग्रेस और भाजपा दोनों प्रमुख पार्टियों ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है और दोनों दल चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार तीन लाख मतदाता अधिक हैं। ऐसे में प्रत्याशियों को अधिक पसीना बहाना होगा।
पिछले पांच साल में लोकसभा क्षेत्र में 3 लाख मतदाता नए जुड़े हैं। नए मतदाताओें में महिला और युवा मतदाताओं की संख्या अधिक है। पिछले चुनाव में हार-जीत का अंतर 1 लाख 11 हजार था। इस बार महिला और युवा मतदाता जिले के नए सांसद के भविष्य का फैसला करने में निर्णायक साबित होंगे। वहीं कबीरधाम जिले के कवर्धा और पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में महिला (Lok Sabha Election 2024) मतदाताओं की संख्या अधिक है। ऐसे में इनके मत भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।
Rajnandgaon Lok Sabha Election 2024: 'पिछले लोकसभा चुनाव में सभी 8 विधानसभा को मिला कर कुल मतदाता 15 लाख 25 हजार थी। इस बार मतदाताओें की संख्या 18 लाख 65 हजार से अधिक हो गई है। पिछले चुनाव के मुकाबले इस चुनाव में मतदाताओं की संख्या 3 लाख से अधिक बढ़ चुकी है। बढ़े हुए मतदाताओं में 18 प्लस के युवा और महिलाओं की संख्या अधिक है। पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय ने कांग्रेस प्रत्याशी भोलाराम साहू को 1 लाख 11 हजार वोटों के अंतर से पराजित किया था। इस बार कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अपना प्रत्याशी बनाया है।
वहीं भाजपा ने सांसद संतोष पांडेय पर एक बार फिर भरोसा जताया है। ऐसे में पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार चुनाव बेहद रोचक होने की संभावना है। दोनों दल में कांटे का मुकाबला होने का अनुमान लगाया जा रहा है। ऐसे में हार-जीत का अंतर होने से महिला व युवा मतदाता काफी निर्णायक साबित होंगे।
राजनांदगांव, डोंगरगढ़, डोंगरगांव, खुज्जी, मोहला-मानपुर, खैरागढ़, कवर्धा और पंडरिया 8 विधानसभा को मिलाकर राजनांदगांव लोकसभा बना है। लोकसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 65 हजार 175 है। महिला मतदाताओं की संख्या 9 लाख 36 हजार 837 है। वहीं पुरुष मतदाता 9 लाख 23 हजार 29 है। लोस क्षेत्र में पुरुष के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है।
प्रत्याशियों की घोषणा के बाद दोनों दल भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों ने प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। एक ओर कांग्रेस सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन कर अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में जुटी है। वहीं भाजपा भी सभी क्षेत्र में जनसंपर्क पर जोर दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चुनावी मैदान में उतरने से राजनांदगांव लोकसभा सीट पूरे छत्तीसगढ़ में हाई प्रोफाइल सीट हो गई है। दोनों प्रत्याशी अपने चुनावी एजेंडे के साथ मतदाताओं को साधने में जुटे हैं।
कबीरधाम जिले में 804 मतदान केन्द्र हैं और कुल मतदाताओं की संख्या 6 लाख 52 हजार 660 है। इसमें 3 लाख 24 हजार 953 पुरुष मतदाता, 3 लाख 27 हजार 705 महिला मतदाता और 2 थर्ड जेंडर मतदाता है। इसमें 6 हजार 510 दिव्यांग मतदाता, 18 से 19 वर्ग के 23 हजार 312 युवा मतदाता और 85 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिक की संख्या 2 हजार 668 है। जिले में जेंडर रेसियों 1008 है। 100 वर्ष से अधिक मतदाताओं की संख्या 88 है।
निर्वाचन आयोग से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र का चुनाव द्वितीय चरण में है। ऐसे में इसके लिए अधिसूचना 28 मार्च को जारी होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि 4 अप्रैल निर्धारित है। वहीं नामांकन पत्र की समीक्षा 5 अप्रैल, नामांकन पत्र की वापसी 8 अप्रैल को निर्धारित है। मतदान की तिथि 26 अप्रैल जबकि मतगणना 4 जून 2024 को होगी। निर्वाचन प्राक्रिया समाप्ति तिथि 6 जून 2024 निर्धारित है।
Updated on:
22 Mar 2024 03:25 pm
Published on:
22 Mar 2024 02:32 pm
बड़ी खबरें
View Allकवर्धा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
