
lightning strike death: आकाशीय बिजली का कहर! भेड़-बकरी चराने गए अधेड़ की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़(photo-patrika)
lightning strike death: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में अचानक बदले मौसम ने एक दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। बेमौसम बारिश और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है और मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक की पहचान नेन सिंह धुर्वे के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के हर्राटोल, थाना मोतीनाला क्षेत्र का निवासी था। वह इन दिनों गुजरात से आए भेड़ व्यापारियों के साथ मजदूरी का काम कर रहा था और रोज की तरह भेड़-बकरियां चराने गया हुआ था। घटना कबीरधाम जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के मिरमिटी गांव की है।
बताया जा रहा है कि अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। आसमान में बिजली कड़कने लगी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बारिश से बचने के लिए नेन सिंह पास ही एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी पेड़ पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा इतना भयावह था कि नेन सिंह धुर्वे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद अन्य साथियों में इस घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और सभी सहम गए।
बारिश थमने के बाद मृतक के साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को जिला अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है। विशेषज्ञों के अनुसार गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
Published on:
04 Apr 2026 10:29 am
बड़ी खबरें
View Allकवर्धा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
