22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kawardha Fire Incident: बिजली तार से टकराकर तेंदूपत्ता वाली गाड़ी जलकर खाक, वीडियो वायरल

Tendu Leaf Vehicle Fire: तेंदूपत्ता से लदी एक वाहन हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आ गई, जिससे वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई।

2 min read
Google source verification
Tendu Leaf Vehicle Fire

तेंदूपत्ता से लदे ट्रक में लगी आग (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Kawardha Fire Incident: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेंदूपत्ता से लदी एक वाहन हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आ गई, जिससे वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई। हालांकि चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

दैहान के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, तेंदूपत्ता से भरी वाहन दलदली इलाके से बोड़ला संग्रहण केंद्र की ओर जा रही थी। इसी दौरान दैहान गांव के पास सड़क किनारे नीचे झूल रहे हाई टेंशन तार से वाहन का संपर्क हो गया। तार के संपर्क में आते ही तेज चिंगारी निकली और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए। वाहन में भरा सूखा तेंदूपत्ता आग पकड़ते ही तेजी से जलने लगा, जिससे आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

देखें Video

चालक ने कूदकर बचाई जान

घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से छलांग लगा दी। समय रहते बाहर निकल जाने के कारण उसकी जान बच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तब तक जल चुकी थी गाड़ी

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग और प्रशासन को दी। इसके बाद नगर पंचायत की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जल चुकी थी। आग के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद इलाके में बिजली तारों की सुरक्षा और उनकी ऊंचाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई जगहों पर हाई टेंशन तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने और ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन आग से हुए नुकसान का आंकलन करने में जुटा हुआ है।