
Hanuwantiya
खंडवा. देश की निर्वाचन प्रक्रिया में सुधार और उसमें पारदर्शिता लाने के लिए कल से हनुवंतिया में मंथन होगा। इसके लिए सभी प्रदेशों के निर्वाचन आयुक्त हनुवंतिया आएंगे और वहां आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेंगे। आठ नवंबर से १० नवंबर तक चलने वाले इस २६वें सम्मेलन को लेकर हनुवंतिया में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इन तैयारियों का जायजा लेने के लिए मध्य प्रदेश के निर्वाचन आयुक्त आर परशुराम आज शाम तक हनुवंतिया आ सकते हैं। बुधवार से शुरू होने वाले तीन दिवसीय सम्मेलन में कई विषयों पर होने की संभावना हैं।
अलग से तैयार किए गए वीवीआईपी टेंट
पूरे देश के करीब २२ राज्यों के निर्वाचन आयुक्त के आने की संभावना है। इस आगमन को लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से टेंट सिटी में अलग से २५ वीवीआईपी टेंट बुक कराए गए हैं। साथ ही इन सभी राज्य अतिथियों के सत्कार के लिए जिला प्रशासन ने अलग-अलग लाइजनिंग अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है, जो इंदौर एयरपोर्ट से ही उनके साथ-साथ रहेंगे और पूरी व्यवस्था संभालेंगे। कुछ राज्यों के आयुक्त मंगलवार की शाम को ही हनुवंतिया आएंगे। इस लिए कल से ही अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
इन स्थानों का भ्रमण करेंगे आयुक्त
- ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन
- हनुवंतिया में बोटिंग- बोरियामाल, धारीकोटला टापू का भ्रमण
- सैलानी रिसोर्ट का भ्रमण
तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने की समीक्षा
देश के विभिन्न राज्यों के आने वाले राज्य निर्वाचन आयुक्तों के राष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर कलेक्टर अभिषेक सिंह ने सोमवार को बैठक की। इसमें उन्होंने आयुक्तों के सहयोग के लिए लगाए गए लाइजनिंग अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए। तीन दिनों तक इन अतिथियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने को कहा। कहा कि अगर कोई विशेष परेशानी आए तो तत्काल जिले के उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर समस्याओं का निराकरण करें।
Published on:
7 Nov 2017, 11:53 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.