सुमित मंडलोई। बोरगांव बुजुर्ग. इंदौर-इच्छापुर हाईवे किनारे स्थित वन अनुसंधान एवं विस्तार वृत्त खंडवा इकाई बुरहानपुर की बोरगांव रोपणी में विभाग द्वारा इस वर्ष 4 लाख 75 हजार पौधें तैयार हो रहे है। रोपणी में सागौन, बांस, आंवला, महुआ, शिशम, सलाई, कुल्लु, मोयन, चिरोल अन्य फलदार और वानिकी प्रजाति के पौधे तैयार किए गए है। विलुप्त प्रजातियों के ही लगभग 45 हजार पौधे रोपणी में तैयार हुए है। भीषण गर्मी में रोपणी तैयार किए पौधे लहरा रहे है। पौधों को बरसात शुरू होते ही पौधरोपण के लिए खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर व मांग के आधार पर वितरित किया जाएगा। रोपणी से वन विभाग, ग्राम पंचायत, निजी संस्थाओं, किसानों, शासकीय स्कुलों व अन्य कई संस्थाओं को शासन द्वारा निर्धारित शुल्क दर पर पौधे वितरित होंगे। रोपणी के अंदर कुल रकबे में से लगभग 6 हेक्टेयर मे 12 हजार सागौन का पौधारोपण किया था, जो कि अब लंबे पेड बन चुके है और देखने पर जंगल की तरह लगता है। लगभग 10 हेक्टेयर के रकबे में विभाग द्वारा तय लक्ष्य के लिए पौधे तैयार हो रहे है व बचे रकबे में अन्य पौधरोपण है। रोपणी में क्रोबार रोपण के लिए चार लाख सागौन रूटशूट अलग से भूमि बेड तकनीक से तैयार किए है। बोरगांव रोपणी में सागौन रूटशूट प्रतिवर्ष प्रमुखता से तैयार किए जाते है। रोपणी के माध्यम से कई मजदूरों को प्रतिदिन रोजगार भी मिलता है और वर्षभर यहां कार्य के हिसाब से दर्जनभर मजदूर परिवार काम कर परिवार का पालन कर रहे है।