
खंडवा. भोपाल से खंडवा आ रही पठानकोट एक्सप्रेस (११०५८) ने गुरुवार शाम ५.३० बजे मथेला स्टेशन पर रेड सिग्नल को जंप कर दिया। गार्ड ने तुरंत वॉकी-टॉकी से सूचना देकर कुछ ही दूरी पर ट्रेन रुकवा ली, लेकिन तब तक इंजन और एक बोगी सिग्नल क्रॉस कर चुके थे। सिग्नल जंप की खबर लगते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद लोको पायलट का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
जानकारी के अनुसार पठानकोट एक्सप्रेस को मथेला स्टेशन पर रुकने के लिए रेड सिग्नल मिला था, लेकिन गाड़ी स्टेशन पर रुकने की जगह सिग्नल जंप कर आगे निकल गई। इधर, रेलवे सूत्रों की मानें तो करीब ५.२७ बजे पठानकोट तलवडिय़ा स्टेशन पर पहुंची थी। यहां से गाड़ी को रवाना किया गया। पठानकोट का मथेला स्टेशन पर स्टॉपेज नहीं है, लेकिन गाड़ी स्टेशन पर रोकने के लिए सिग्नल दिया था। रेड सिग्नल होने के बाद भी ट्रेन ड्राइवर ने ट्रेन नहीं रोकी। मामले की खबर लगते ही भोपाल मंडल के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और ट्रेन लोको पायलट से घटना को लेकर पूछताछ की। इस घटना के बाद से ही रेल महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं अधिकारियों ने जांच करने के लिए कहा है।
...तो हो सकती थी दुर्घटना
रेलवे जानकारों ने बताया रेड सिग्नल मिलने के बाद ट्रेन सिग्नल को पार नहीं कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो बड़़ी दुर्घटना होने की आशंका रहती है। हालांकि पठानकोट एक्सप्रेस को लोको पायलट ने समय रहते कुछ ही दूरी पर रोक लिया।
जांच कराएंगे
मथेला स्टेशन पर ट्रेन का इंजन और एक बोगी सिग्नल से निकली थी। मामले की जांच कराई जाएगी।
शोभन चौधरी, डीआरएम, भोपाल
सूचना मिली है
रेड सिग्नल मिलने के बाद भी पठानकोट एक्सप्रेस के सिग्नल से आगे निकलने की सूचना मिली है। मामले में भोपाल मंडल के अधिकारी जांच कर रहे है।
आलोक चौरे, स्टेशन प्रबंधक
Published on:
27 Oct 2017, 12:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.