खंडवा

हनुवंतिया में लगेगी संसद, जलनीति का गूंजेगा मुद्दा

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में हनुवंतिया में चल रहे जल महोत्सव के दौरान 9 नबंवर को बाल संसद का आयोजन किया जा रहा है। जलनीति का मुद्दा गूंजेगा।

2 min read
Oct 29, 2017
Children Parliament

खंडवा.

मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग के तत्वावधान में हनुवंतिया में बाल संसद का आयोजन किया जा रहा है। बाल संसद 9 नबंवर को सुबह 10 बजे से रखी गई है। बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने बताया बाल संसद प्रदेश की छठवीं संसद होगी। इसमें मुख्य रूप से जलनीति का प्रस्ताव रखा जाएगा। यह प्रस्ताव एकमत से पास कराएंगे।

बाल संसद में प्रस्ताव पास होने के बाद इस सुझाव के रूप में केंद्र और राज्य सरकार को भेजा जाएगा। ताकि वह बाल संसद के इस प्रस्ताव पर मंथन कर आगे का निर्णय ले सकें। डॉ. शर्मा ने कहा बाल संसद में खंडवा से 350 और बुरहानपुर जिले के 200 बच्चे शामिल होंगे। दोनों जिलों के स्कूलों में चिंह्नित कर बच्चों को तैयार किया जा रहा है। सभी बच्चों को विषय दिए गए हैं।

बाल मजदूरी व मानव तस्करी का गूंजेगा मुद्दा
बाल संसद में बाल मजदूरी रोकने और मानव तस्करी का मुद्दा गूंजेगा। इसके अलावा स्कूल में बच्चों की समस्या सहित अन्य मुद्दों को लेकर मंथन किया जाएगा। बाल संरक्षण बिल 2016 के बिंदुओं और उसमें किए होने वाले बदलाव और कमियों पर भी बहस होगी।

मन की बात में बच्चे चिठ्ठी लिखकर बताए समस्या
इधर, डॉ. शर्मा ने बताया बाल अपराध रोकने के मकसद से मन की बात कार्यक्रम भी आयोग द्वारा चलाया जा रहा है। इसमें प्रदेश का कोई भी बच्चा चिठ्ठी लिखकर अपनी समस्या आयोग तक पहुंचा सकता है। अब तक मन की बात के तहत आयोग को 750 चिठ्ठियां मिली हैं। जिसमें से सभी समस्याओं का निराकरण किया गया है। साथ ही समस्या का समाधान करने के बाद आयोग चिठ्ठी लिखकर बच्चे को अवगत भी कराता है।

ज्ञात हो, हनुवंतिया में जल महोत्सव का आयोजन हो रहा है। प्रतिदिन सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था। अब हनुवंतिया टापू पर बाल संसद का आयोजन होने जा रहा है।

Published on:
29 Oct 2017 12:36 pm
Also Read
View All

अगली खबर