
खंडवा। नाकोड़ा नगर में नलो से आया गंदा, बदबूदार पानी।
खंडवा. शहर के नाकोड़ा नगर में पेयजल सप्लाई के दौरान नलों से गंदा एवं बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है। करीब 8 दिनों से यह स्थिति बनी हुई है। जिससे रहवासी परेशान हैं। रहवासी पानी फेंकने को मजबूर हैं। रहवासियों के मुताबिक पिछले आठ दिनों से दूषित जल का प्रदाय क्षेत्र में किया जा रहा है। नगरनिगम के अधिकारियों को इसकी शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।
रहवासियों का कहना है कि पेयजल में सीवरेज व नालियां का गंदा पानी आ रहा। जिस वजह से दुर्गंध आ रही है। इस पानी को पीना तो दूर नहाने तक के लिए उपयोग नहीं किया जा सकता। यहां के रहवासी पीने और निस्तार के पानी के लिए निजी बोर और टैंकर पर निर्भर हो गए हैं। रविवार को भी यहां करीब 15 मिनट तक नलों में गंदा पानी आया। जिसे रहवासियों ने सड़क पर बहा दिया।
नर्मदा लाइन बिछाई, लेकिन सुक्ता लाइन से हो रही सप्लाई
नाकोड़ा नगर क्षेत्र में सुक्ता की पेयजल लाइन से पानी की सप्लाई होती है। 8 माह पहले नर्मदा जल की लाइन बिछाई गई है। कुछ लोगों ने कनेक्शन भी लिए। लेकिन नर्मदा जल की मेन लाइन से कॉलोनी की लाइन को जोड़ा नहीं गया। जिससे सुक्ता की पानी से ही सप्लाई हो रही।
यह बोले रहवासी
-8 दिनों से मटमैला, गंदा पानी आ रहा। नाली के गंदे पानी सी बदबू इतनी अधिक है कि हाथ धोने तक की हिम्मत न हो। पड़ोसी के घर बोरिंग है। जहां से पीने व अन्य उपयोग के लिए पानी ले रहे है। -संगीता मालवीय, रहवासी, नाकोड़ा नगर।
-लंबे समय से मटमैला गंदा पानी नलों से आ रहा है। 8 दिन से उस पानी में नाली की गंदगी सी बदबू भी अधिक आ रही। नगर निगम को कई बार शिकायत की। लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ। बीमारी से बचाव के लिए पीने के लिए ऑरो वॉटर केन लगवाई है।-अभिनय जायसवाल, रहवासी, नाकोड़ा नगर।
-गंदा पानी आने के कारण 8 दिनों में दो बार टंकी का पानी पूरा खाली कर चुका हूं। प्रायवेट पानी का टैंकर बुलाना पड़ रहा है। नर्मदा जल की लाइन से 7 माह पहले कनेक्शन मिला है। लेकिन मुख्य लाइन से जोडऩे से नर्मदा जल नहीं आ रहा। सुक्ता की लाइन से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। - रोशनलाल जायसवाल, रहवासी, नाकोड़ा नगर।
चर्म रोग जैसी बीमारियों का खतरा
दूषित व गंदा पानी के उपयोग स्वास्थ के लिए हानिकारक होता है। डॉक्टर के मुताबिक गंंदे पानी के उपयोग से चर्म रोग, टाइफाइड, डायरिया, हैजा, पीलिया आदि बीमारियों के फैलने का खतरा अधिक होता है। इसलिए स्वच्छ और साफ पानी का उपयोग करें।
गंदा पानी सप्लाय होने की शिकायत मिली है। निगमकर्मियों को भेज पेयजल लाइन की जांच कराई गई है। शुरुआत में कुछ देर गंदा पानी नलों से आ रहा है। पूरी पेयजल लाइन का नालियां के पास लीकेज चेक कर रहे हैं। लीकेज मिलने पर सुधार कराया जाएगा। -राजेश गुप्ता, जल प्रभारी, नगरनिगम खंडवा।
Published on:
17 Feb 2020 11:56 am
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
