13 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गुरु पूर्णिमा पर्व… खंडवा दादाजी धाम में धूनी माई के ताप से बचाने सेवादारों ने बनाई सुरक्षा दीवार

-पीली मिट्टी और ईंट से 4 फीट की दीवार तैयार, सूखने पर होगी चित्रकारी -मंदिर में चादर पैकिंग का भी चल रहा काम, अब तक 10 हजार चादर पैक
2 min read
Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Jul 13, 2026

Guru Purnima

खंडवा. धूनीमाई के चारों ओर दीवार बनाते सेवादार।

गुरु पूर्णिमा पर्व को लेकर श्री दादाजी धाम में तैयारियां चल रही है। रविवार को यहां सेवादारों ने श्रमदान कर धूनीमाई की ऊंचाई बढ़ाई। तीन घंटे चले श्रमदान में ईंट, मिट्टी और गोबर से करीब सवा फीट तक धूनीमाई के चारों ओर गोलाकार दीवार बनाई गई। इसके साथ ही चादर पैकिंग का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। अब तक 10 हजार चादर पैक की जा चुकी है।

लाखों नारियल चढऩे से बढ़ जाता तापमान

आगामी 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा का मुख्य उत्सव श्री दादाजी धाम में मनाया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन में गुरु पूर्णिमा पर्व पर चार से पांच लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, जो धूनीमाई में नारियल भी अर्पित करते है। जिसके चलते धूनीमाई का तापमान बढ़ जाता है। श्री दादाजी ट्रस्ट ने बताया कि धूनीमाई की दीवार सूखने के बाद गोबर से लेपन किया जाएगा। इसके बाद इस पर कलर कर कलाकार पेंटिंग भी बनाएंगे। वहीं, गुरु पूर्णिमा पर आने वाले भक्तों को प्रसादी स्वरूप दी जाने वाली चादर पैकिंग का कार्य भी आरंभ है। अब तक करीब 10 हजार चादरों को सेवादारों द्वारा पैक किया जा चुका है।

8 बाय 60 का नया ब्रिज भी तैयार

श्री दादाजी धाम में चल रहे मंदिर निर्माण के चलते समाधि मंदिर के पीछे खुदाई की हुई है। पर्व के दौरान सेवादारों को आने जाने के लिए यहां छोटे दादाजी महाराज की समाधि के पीछे एक अस्थाई ब्रिज भी बनाया जाएगा। लोहे से करीब 8 फीट चौड़ा और 60 फीट लंबा ब्रिज बनकर तैयार है, जिसे एक-दो दिन में स्थापित किया जाएगा। वहीं, पर्व की तैयारियों को लेकर सोमवार से पीछे मैदान में रैलिंग लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा।

नक्काशीदार पिलर मंगलवार तक आएगा खंडवा

श्री दादाजी धाम में मकराना डेढ़ नंबर मॉर्बल से बनने वाले नए मंदिर के निर्माण कार्य में तेजी आई है। रविवार को मकराना से नक्काशीदार पिलर भी खंडवा के लिए ट्रक में लोड कराया गया, जो मंगलवार तक श्री दादाजी धाम में पहुंचेगा। यहां संगमरमर के नक्काशीदार पिलर को दर्शन के लिए रखा जाएगा। वहीं, नींव के कार्य में कट वॉल का काम भी लगभग पूरा होने को आया है। गुरु पूर्णिमा के बाद यहां आरसीसी का काम शुरू कराया जाएगा।