शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में माता भगवती देवी शर्मा व अखंड दीपक जन्म शताब्दी वर्ष 2026 को लेकर सवा लाख देव कन्याओं को तैयार किया जा रहा है। इसके तहत किल्लौद (बलड़ी) ब्लॉक के सोमगांव में 2400 देवकन्याओं का विराट कन्या कौशल शिविर 23 से 25 मई तक किया जाएगा। कन्या कौशल शिविर में कन्याओं को आत्मरक्षा, स्वालंबन सहित अन्य विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
गायत्री परिवार के अजय लाड़ ने बताया कि आयोजन के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही है। शिविर में निमंत्रण के लिए गायत्री परिवार की देवकन्याओं द्वारा किल्लौद के आसपास खंडवा और हरदा के 24 गांवों में घर-घर जाकर निमंत्रण दिया जा रहा है। साथ ही शिविर में आने वाली कन्याओं का पंजीयन भी कर रहीं हैं। गांव में शिविर को लेकर उत्सव का माहौल है। ग्रामीणों द्वारा घरों में रंग रोगन किया जा रहा है। आंगन में रंगोली बनाई जा रही है। सांयकालीन बेला में डूबते सूरज के साथ ही आंगन में दीप जलाए जा रहे है। खंडवा और हरदा जिले के सभी गायत्री परिजन तैयारियों में जुटे हुए है।
मांगलिक परिसरों, मंदिर में रहेगी आवास व्यवस्था
यहां शिविर के लिए एक डोम 180 बाय 90 फीट के लगाया जा रहा। अजय लाड़ ने बताया कि बारिश को देखते हुए देवकन्याओं के रुकने के लिए ग्राम में विभिन्न समाजों के मांगलिक परिसरों, मंदिरों में व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए गायत्री परिजन वहां रहेंगे। भोजन शाला के लिए 150 बाय 150 का टेंट लगाया जा रहा है। जहां प्रतिदिन 20 हजार रोटियों का निर्माण ग्रामीण महिलाओं द्वारा किया जाएगा।
पितांबरी वस्त्रों में नजर आएंगी बेटिया
शिविर के पहले दिन शुक्रवार को कलश यात्रा में सभी बेटियां और गायत्री परिवार सदस्य पितांबरी वस्त्र में नजर आएंगे। तीन दिवसीय आयोजन में कन्याएं पितांबरी वस्त्र धारण करेंगी। खंडवा गायत्री परिवार ट्रस्ट के आनंदीलाल सोनी और भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के संयोजक सुखपाल सिंह पवार, महिला मंडल, युवा मंडल एवं महाकाल मंडल के सभी लोगों द्वारा शिविर की तैयारियों में सहयोग किया जा रहा है
इन विषयों पर होगा प्रशिक्षण
शिविर में गायत्री और यज्ञ, स्वावलंबन, आत्मरक्षा, फैशन एवं व्यसन, अंधविश्वास, अराधना, समय दान, अंशदान, साधना, स्वाध्याय, संयम, सेवा, आत्मनिर्भता, आत्मसुरक्षा, लव जिहाद, पर्यावरण व पौधरोपण आदि विषयों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।