खंडवा. भुसावल मंडल के आदर्श रेलवे जंक्शन खंडवा पर रेलवे मुसाफिरों को जल्द ही वाईफाई सुविधा मुहैया करा दी जाएगी। अप्रैल माह से जंक्शन पर वाईफाई सेवा शुरू होने की संभावाना है। वाईफाई सुविधा शुरू करने से पहले रेलवे यूजर्स के मापदंड़ तय करना होंगे। ताकि इंटरनेट का गलत उपयोग न हो सके। शहर संवेदनशील होने के कारण वाईफाई सेवा शुरू करने से पहले सुरक्षा के लिहाज से सजगता बरतने की जरूरत है। ताकि भविष्य में रेलवे के फ्री वाईफाई के जरिए किसी प्रकार के विवादित मामलों से बचा जा सकें। उल्लेखनीय है कि जंक्शन को आधुनिक बनाने के लिए रेल बजट में रेलवे ने खंडवा जंक्शन को वाईफाई फ्री करने की घोषणा की थी। इधर, पिछले दिनों खंडवा पहुंचे मंडल के डीसीएम वीटी दाहट ने खंडवा जंक्शन पर अप्रैल माह से वाईफाई सेवा शुरू करने की बात कही थी। हालांकि घोषणा के बाद रेलवे के सुस्त रवैए के कारण अभी तक वाईफाई का काम प्रारंभ नहीं हो सका, फिलहाल रेलवे अधिकारी अब काम को जल्द शुरू करने की मूड में दिख रहे हैं। सुविधा शुरू होने से यात्रियों को काफी फायदा होगा।