25 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बस संचालक बोले- जारी रहेगी हड़ताल

प्रशासन ने कहा- प्रयोग के तौर पर बसें चलाकर देख लो
2 min read
Google source verification
new bus stand in khandwa

new bus stand in khandwa

खंडवा. नए बस स्टैंड का मुद्दा अब प्रशासन के लिए गले की हड्डी बनता जा रहा है। चार दिन से जारी हड़ताल के बाद गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने बस संचालकों के साथ बैठक कर हल निकालने की कोशिश की लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। बैठक में एसपी ने कहा कि 15 दिन आप नई व्यवस्था के तहत बस का संचालन कर के देख लें जो भी परेशानी होगी उसको हल कर लिया जाएगा। बस संचालक बोले कि हम तो हड़ताल समाप्त कर बस चलाने के लिए तैयार है, लेकिन ड्राइवर और कंडक्टर तैयार नहीं है। इसलिए हम कुछ नहीं कर सकते। एसपी ने कहा आपके चालक, परिचालक है एक बार बात करके देख लें। बस ऑनर्स ने शाम तक समय मांगा। देर शाम बस ऑनर्स ने भी चालक, परिचालकों का साथ देते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी।
बैठक में प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर बीएस इवने ने दबाव बनाने की भी कोशिश की, लेकिन बस ऑनर्स का कहना था कि ६०० कर्मचारी हड़ताल पर हैं, हम इतने नए कर्मचारी कहां से लाएंगे। इसलिए यह संभव नहीं है।
नए बस स्टैंड से इंदौर, खरगोन, बुरहानपुर के रूटों की बसों का संचालन और पुराने बस स्टैंड से हरसूद, गुड़ी, पुनासा की बसों के संचालन का निर्णय लिया गया है। जिसके विरोध में बस चालक, परिचालक बस हड़ताल कर धरने पर बैठे हुए है।


रोजाना 20 लाख का हो रहा नुकसान
बस ऑनर्स ने बताया कि बसें नहीं चलने से रोजाना 20 लाख रुपए का नुकसान हो रहा है। करीब ढाई सौ बसें यहां से चलती है, जो बंद पड़ी हुई है। आरटीओ का टैक्स रोजाना लग रहा है। हम क्या करें, प्रशासन बीच का रास्ता निकाले और बसें चालू करवाए। 50 बसें नए बस स्टैंड पर खड़ी होने से शहर की यातायात व्यवस्था नहीं सुधर जाएगी। रोज सैकड़ों ट्रक शहर से गुजर रहे है। एसपी ने कहा इसके लिए रिंग रोड प्रस्तावित है, यातायात के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन आप हमारी बात तो मानों, 15 दिन बसें प्रयोग के तौर पर चलाकर देख लो, यदि व्यवस्थाएं नहीं सुधरी तो दोबारा बैठक कर लेंगे।


सख्ती की तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन
गुरुवार शाम को बस ऑनर्स और निमाड़ परिक्षेत्रिय चालक परिचालक कल्याण समिति ने संयुक्त रूप से मीडिया से चर्चा की। बस ऑनर्स अध्यक्ष गुरजीतसिंह चावला, सुनील आर्य ने बताया कि हम चालक परिचालकों के साथ है। कल्याण समिति अध्यक्ष रामचंद मालवीया ने बताया कि पूरे प्रदेश के संगठनों से चर्चा की जा रही है। यदि सख्ती बरती गई तो प्रदेशभर में बसों के पहिए थम जाएंगे। मालवीया ने बताया कि प्रशासन बीच का रास्ता निकाले, हम दोनों बस स्टैंड से बस चलाने को तैयार है। बसें पुराने स्टैंड से ही संचालित होगी। नए बस स्टैंड पर स्टाप दिया जाएगा।


समर्थन में कांग्रेस ने दिया धरना
गुरुवार को पुराने बस स्टैंड से ही सभी बसें चलने और नए बस स्टैंड पर स्टॉप करने की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उत्तर ने एक दिवसीय धरना दिया। यहां धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा पुराने बस स्टैंड से पूर्व में व्यवस्थित सारी सुविधाओं को दरकिनार कर भाजपा के प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर आदि के दबाव में प्रशासन तानाशाहीपूर्ण निर्णय ले रहा है। धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष ओंकार पटेल, परमजीतसिंह नारंग, अवधेश सिसोदिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इकबाल कुरैशी, लव जोशी, सै. असलम सहित अन्य उपस्थित थे।