21 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

लाइव रिपोर्ट: भूखी प्यासी बैठी रहीं लाडली बहना

दोपहर 1 बजे तक इंतजार के बाद लौटा दिया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और निगम कर्मी बैठे रहे, एक- एक घंटे में समय बढ़ाते रहे कियॉस्क ऑपरेटर

Google source verification

खंडवा. मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में शामिल होने वाली महिलाओं को लंबी कतार और रोज की परेशानी से राहत देने के लिए प्रत्येक वार्ड में कैंप की शुरू की गई। ताकि आसानी से सभी महिलाएं अपना पंजीयन करा सकें। इसके लिए शनिवार से कैंप लगाए गए और शहरी क्षेत्र में निगम के कर्मचारियों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तैनात कर दिया गया। सुबह 9 बजे से ही यहां महिलाओं की लाइन शुरू हो गई। कुछ घंटे बीते तो लाडली बहना बनने जा रही महिलाओं के सब्र का बांध टूटने लगा। उधर, महिलाओं को घर घर बुलावा देकर कैंप में लाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और निगम कर्मी भी परेशान होने लगे। यहां ऑन लाइन पंजीयन के लिए कियॉस्क ऑपरेटर नहीं भेजे गए। एक- एक घंटे बाद समय बढ़ता रहा। जब समझ आया कि कोई नहीं आने वाला तो महिलाओं के फार्म जमा कर उन्हें टोकन देते हुए सोमवार को आने के लिए कह दिया गया। इस तरह पहले दिन की व्यवस्था डाउन सर्वर में अटकी रही।
भीड़ लगी तो फार्म जमा करा लिए
संत थोमस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सुबह 9 बजे से ही कैंप लग गया था। दोपहर 1 बजे पत्रिका टीम पहुंची तो यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता माधुरी अमोदकर, शमशाद बी, वंदना कटियारे के साथ नगर निगम के मोहर्रिर सुदेश पाल मिले। इन्होंने बताया कि सुबह 9 बजे से बैठे हैं। एक- एक घंटे करते हुए ऑपरेटर टाइम बढ़ा रहे हैं। जब महिलाओं की भीड़ लगने लगी तो करीब 20 महिलाओं के फार्म जमा करा लिए गए हैं। उन्हें टोकन नंबर देकर उनके मोबाइल नंबर ले लिए। ऑपरेटर ने 12 बजे के बाद आने को कहा था। लेकिन एक बजे तक नहीं आया। फोन करने पर बताते हैं कि सर्वर डाउन चल रहा है।
सबको लेकर आए और यहां बैठा लिया
अब्बास तय्यब उर्दू प्राथमिक शाला घासपुरा में दोपहर सवा एक बजे पत्रिका टीम पहुंची तो यहां से महिलाओं की भीड़ बाहर जाते दिखी। इनके चेहरों पर नाराजगी झलक रही थी। पूछने पर इन्हीं महिलाओं ने बताया कि सुबह से उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकार्ताओं ने बुलाकर बैठा लिया। अब कह रही हैं कि सोमवार को आना। वार्ड 14 से आई महिलाओं का कहना था कि कोई व्रत है तो किसी का रोजा चल रहा है। ऐसे में घंटों तक बैठाए रखना ठीक नहीं। कैंप में जाकर देखा तो यहां पर मिले नगर निगम के ऑपरेटर मंजीत गौर और सचिन लोधे ने बताया कि फोन पर उन्हें कहा गया है कि दो बजे तक कैंप में सिस्टम आएगा, अभी पोर्टल बंद है। इसी तरह यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हमीदा शेख व सईदा कादरी ने बताया कि परियोजना ऑफिस से बताया गया है कि अब सोमवार को पंजीयन होगा। इसलिए महिलाओं काे लौटा दिया है।
योजना ऑफिस में मिली खाली टेबल
सिविल लाइन क्षेत्र में नगर निगम के योजना सेल कार्यालय में भी कैंप लगाया गया था। यहां सुबह से ही महिलाओं को लौटाने का सिलसिला रहा। दोपहर 2 बजे पत्रिका टीम पहुंची तो यहां कैंप के कर्मचारी ही नहीं थे। कार्यालय के कर्मचारियों ने खाली टेबल की ओर इशारा करते हुए बताया कि यहीं पर कैंप लगा था। कुछ घंटे बैठने के बाद सभी चले गए। सर्वर नहीं चल रहा है अब सोमवार को कैंप लगेगा।
प्रदेश मुख्यालय से आया मैसेज
प्रदेश मुख्यालय से दोपहर में सभी जनपद सीइओ को मैसेज भेजा गया। जिसमें कहा गया कि जिन जिलों में लाडली बहना योजना के लिए कैंप आयोजित किए गए हैं, उनमें महिलाओं के कागज वाले फॉर्म भरवाकर उन्हें वापस भेज दिया जाए। कुछ तकनीकी समस्या के कारण ऑनलाइन फॉर्म की एंट्री आज नहीं हो पाएगी। सोमवार से ही पुनः कैंप आयोजित करें। कल रविवार को कैंप नहीं रखें। इस मैसेज को समय पर खंडवा में जारी नहीं किया गया।
वर्जन…
हम सभी वार्ड 14 से आए हैं। सुबह 10 बजे से यहां बैठाकर रखा और अब कह दिया कि सोमवार को आना। महिलाएं सब परेशान हो रही हैं।
– लता मंडलोई
………………
कोई गणगौर पूजा छोड़कर आया तो किसी का नवरात्र का व्रत है और कोई रोजा है। सभी महिलाएं सुबह से बैठी हैं, अब कह दिया सोमवार को होगा।
– शोभा बंजारे
………………
फार्म जमा करने के लिए आए तो यहां ऑपरेटर नहीं है। बता रहे हैं कि आने वाला है, इसी इंतजार में घंटों बीत गए। अब कह दिया आज नहीं हो पाएगा।
– मनीषा भावसार
………………
हमारे साथ की सभी महिलाएं परेशान हैं। रमजान का महीना चल रहा है और यहां सुबह से ही इंतजार में बैठे हैं। सर्वर डाउन होने कीह बात कही है।
– फातिमा बी