
खंडवा. नागरिकता संशोधन बिल पर जो हिंसक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, उनके पीछे जेएनयू के वो लोग हैं, जो कह रहे थे कि भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशा अल्लाह, इंशा अल्लाह। इसके पीछे वही साजिश है। वो गद्दार रह तो रहे हैं यहां, लेकिन देश का भला नहीं चाहते हैं, जेएनयू और उस मानसिकता के लोगों की ये साजिश है।
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान नेये बयान खंडवा में दिया। नागरिकता संशोधन कानून को जल्द प्रदेश में लागू कराने के लिए कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के बाद चौहान ने कहा- इस कानून से मुसलमानों ने डरना नहीं चाहिए। यहां प्रजातंत्र है। भारत का मुसलमान यहां उतने ही मान-सम्मान से जिएगा, जितने मान-सम्मान से हिंदू जिएगा। ये उन लोगों के लिए है जिन्हें पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान में मार-मार कर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था, जबरन उनको धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर कर रहे थे। उनके बहू बेटियों के साथ ज्यादती हो रही थी, वो यहां चले आए, अल्पसंख्यक है। 1955 से लेकर 2014 तक जो भी लोग हिंदुस्तान में आ गए हैं, उनको यहां की नागरिकता नहीं मिल पाई थी। चौहान ने कहा कि जो प्रदेश इसे लागू नहीं कर रहे हैं वो गद्दारी कर रहे हैं। निश्चित रूप से गद्दारी है, ये देश का कानून है। इसे जो लागू नहीं करने की कोशिश करेगा, उसका अंजाम भी वो भोगेगा। ये बिल सभी को लागू करना पड़ेगा, ये सेंट्रल का सब्जेक्ट है, देशहित का बिल है, ये सबको लागू करना चाहिए, तुरंत मप्र में भी लागू हो, ये भी हमने मांग की है।
कलेक्टर नहीं आई तो सड़क पर बैठे भाजपाई
मप्र में नागरिकता संशोधन कानून लागू कराने के लिए भाजपा ने धरना, रैली व प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट का घेराव करने पहुंचे लेकिन पुलिस ने बेरिकेड्स लगाकर रोक लिया। कमलनाथ तेरी तानाशाही, नहीं चलेगी, नहीं चलेगी जैसे नारे कलेक्ट्रेट म गूंजने लगे। मंगलवार दोपहर कलेक्ट्रेट पहुंचे भाजपाइयों से मिलने के लिए एसडीएम संजीव केशव पांडेय आए लेकिन उन्हें देखते ही मांग की गई कि कलेक्टर से ही मिलेंगे। सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा- हम तो ज्ञापन दे रहे हैं। ये प्रधानमंत्री का अपमान है, उनके नाम से आए हैं। कलेक्टर मेडम ने यहां आकर ज्ञापन लेना चाहिए। हम यहां शांति के साथ सब कर रहे हैं। हजारों लोग यहां आए हैं, इनका सम्मान होना चाहिए, लोकतंत्र है। भाजपाइयों ने कलेक्टर परिसर की सड़क पर ही डेरा दिया। जमीन पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। कलेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल आईं और उन्होंने ज्ञापन लिया। इससे पहले दीनदयाल तिराहा पर धरना दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश कोटवाले, महापौर सुभाष कोठारी, राजेश डोंगरे, कैलाश पाटीदार, नरेंद्र सिंह तोमर, पुरूषोत्तम शर्मा, नगराध्यक्ष आशीष राजपूत, सुधांशु जैन, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष श्याम सिंह मौर्य, रोहित मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे।
23 से 3 फीसदी रह गई जनसंख्या
सांसद चौहान ने कहा कि 1947 में पाकिस्तान में हिंदुओं की संख्या 23 प्रतिशत थी लेकिन पाकिस्तान द्वारा हिंदुओं को प्रताडि़त एवं उन पर जुल्म किए जाने के बाद स्थिति यह बन गई है कि वहां हिन्दुओं की संख्या 3 प्रतिशत रह गई है। अब कानून से हिंदुओं को हक मिल रहा है तो इसमें लोगों का पेट दर्द क्यों हो रहा है।
ये भी जानिए
भारतीय जनता पार्टी मप्र में नागरिकता संशोधन कानून लागू कराने के लिए सड़क पर उतरी लेकिन धरना, रैली, प्रदर्शन में मुस्लिम नेताओं के शामिल नहीं होने को लेकर हुईं चर्चाएं।
सेवादास पटेल ने भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया है लेकिन अब-भी पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश कोटवाले सक्रिय दिखे। धरना प्रदर्शन के बाद रैली के रूप में जब कलेक्ट्रेट की तरफ बढऩे लगे तो हर कोई नंदकुमारसिंह के करीब रहने की चाहत में दिखा। धक्का-मुक्की में लोकेंद्रसिंह गौड़ जमीन पर गिर पड़े।
Updated on:
18 Dec 2019 12:43 pm
Published on:
18 Dec 2019 12:26 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
