
School inspection
खंडवा/खारकला. गुरुवार दोपहर करीब ३ बजे कलेक्टर विशेष गढ़पाले ग्राम का निरीक्षण करने पंहुचे। मांगलिक भवन में लगे राजस्व विभाग के शिविर के बाद उन्होंने कन्या छात्रावास और हाईस्कूल में व्यवस्थाएं देखी। किसी भी स्कूल में पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
ग्राम की हाईस्कूल जो सुबह 10.30 से शाम 5 बजे तक खुली रहना चाहिए वहां दोपहर करीब 3.30 बजे ताले लगे हुए मिले। कलेक्टर ने भृत्य का पूछा लेकिन वह भी मौजूद नहीं था। कलेक्टर ने ग्राम कोटवार को स्कूल का ताला तोडऩे के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्कूल की व्यवस्थाएं देखी। यहां बच्चों के बैठने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्थाएं दिखाई नहीं दी। कलेक्टर ने पूरे स्टाफ का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके बाद वह खालवा रवाना हुए। दोपहर तीन बजे पहले कलेक्टर मांगलिक भवन में आयोजित राजस्व विभाग के जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे। यहां पता चला कि शिविर लगाने के पहले ग्राम में मुनादी नहीं करवाई गई। जिससे ग्रामीण कैंप में नहीं आए। कलेक्टर ने तहसीलदार मदन पगारे को शोकाज नोटिस जारी किया। इसके बाद कन्या छात्रावास पहुंचे। बालिकाओं ने बताया आज हमें भोजन भी नहीं मिला है। कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की।
मारपीट मामले में प्रधानपाठिका निलंबित
खालवा. बुधवार को प्राथमिक शाला मलगांव में प्रधानपाठिका व शिक्षिका के बीच हुई मारपीट के मामले में प्रधानपाठिक नन्नी भलराय को ग्रामीणों की शिकायत पर गुरुवार को सहायक आयुक्त नीलेश रघुवंशी ने निलंबित कर दिया। उनके स्थान पर संस्था की वरिष्ठ अध्यापिक प्रेम ठाकुर को प्रभार के निर्देश जारी किए हैं। बुधवार को इन दोनों के बीचहुए विवाद व मारपीट में एक बालक घायल हो गया। शिकायत सहायक प्रेम ठाकुर ने खालवा थाने व मुख्य कार्यपालन अधिकारी को की। ग्रामीणों ने भी सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग को आवेदन देकर संस्था भलराय को हटाने की मांग की थी। शिकायत पर गुरुवार को जांच की गई। जिसमें प्रधानपाठिका नन्नी भलराय दोषी पाई गई।
Published on:
22 Jun 2018, 1:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.