
son suicide after father said go die
mp news: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के छैगांवमाखन क्षेत्र के हरसवाड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक युवक ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। युवक को परिवार के लोग गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे थे लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। युवक अपने पिता की शराब पीने की लत से परेशान था, वो चोरी के आरोप में पकड़ाए पिता को थाने से 10 हजार रुपये में जमानत कराकर लाया था। कोरोना काल मां का देहांत होने के बाद से युवक ही अपने पिता व बहन की जिम्मेदारी उठा रहा था।
हरसवाड़ा गांव का रहने वाला 22 वर्षीय प्रवीण मंडलोई इंदौर की एक डेयरी में काम करता था। उसके पिता को बीते दिनों पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया था। प्रवीण को जब इस बात का पता चला तो वो पिता की जमानत कराने बुधवार को गांव आया था। बुधवार को वो पिता की 10 हजार रुपये में जमानत कर उन्हें छुड़ाकर लाया था। परिजन के मुताबिक पिता को शराब पीने की लत है और जब प्रवीण पिता को जमानत पर छुड़ाकर लाया तो गांव के बाहर ही पिता ने शराब खरीद ली और शराब पीने लगा। इस पर प्रवीण ने कहा था कि पापा शराब छोड़ दो वरना मैं मर जाऊंगा। जिस पर पिता ने उससे कहा था कि जा मर जा लेकिन मैं शराब पीना नहीं छोड़ूंगा।
पिता की बातों से आहत बेटा प्रवीण बुधवार रात को ही इंदौर लौटने वाला था लेकिन परिवारवालों ने उसे ये कहकर रोक लिया था कि फसल पक गई है अब फसल कटवाकर चले जाना। प्रवीण रातभर पिता की बात को दिल पर लगाए सोचता रहा और सुबह सल्फास खाकर खुदकुशी कर ली। तबीयत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। मृतक प्रवीण के मामा ने बताया कि प्रवीण की मां का कोरोना काल में देहांत हो गया था। प्रवीण ही परिवार की जिम्मेदारी उठा रहा था। अब परिवार में पिता व एक बहन बचे हैं।
Updated on:
12 Mar 2026 05:19 pm
Published on:
12 Mar 2026 05:18 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
