
Spot Light: Black spots remained confined to white papers
खंडवा. शहर से गांव की ओर जाने वाले रास्तों पर ब्लैक स्पॉट यानि खतरनाक हिस्से सफेद सरकारी कागजों में सिमट कर रह गए हैं। पुलिस ने सड़क दुघर्टनाओं के लिहाज से इन स्थानों से को चिह्नित किया है और प्रशासन को मार्गों के सुधार के लिए कहा है। ताकि सड़क दुघर्टनाओं में कमी लाई जा सके। लेकिन सड़कों की हालत सभी के सामने हैं। जिस विभाग की जिम्मेदारी है ब्लैक स्पॉट को सुरक्षित करने और सड़कों को सुधारने की उन्हें इस ओर ध्यान देने की फुरसत ही नहीं है। इसलिए जरूरी है कि जागरूक रहकर नियमों का पालन करते हुए वाहन चालक खुद सुरक्षित यात्रा करें। हम आपको बताते हैं कि किस इलाके की सड़कों पर कहां ब्लैक स्पॉट हैं।
- कोतवाली थाना क्षेत्र में जसवाड़ी स्टेट हाइवे 50 खंडवा से देडतलाई मार्ग में माता चौक से रामनगर तक ब्लैक स्पॉट है। इस मार्ग में वर्ष 2019 से 2021 तक हुई सड़क दुघर्टनाओं में 3 व्यक्तियों की जान जा चुकी है। चिराखदान से टिठिया जोशी पुलिस तक का रास्ता भी खतरनाक है। इस मार्ग पर इन तीन वर्षों में 3 लोगों की मृत्यु हुई है। इंदिरा चौक से निमाड़ नर्सरी तक भी ब्लैक स्पॉट चिन्हित है। अब ओवरब्रिज से अग्रसेन चौक तक भी खतरनाक रास्ता हो चुका है।
- पदमनगर थाना क्षेत्र में स्टेट हाइवे 26 पर किशोर कुमार समाधि के सामने से इंदौर रोड की ओर 500 मीटर तक ब्लैक स्पॉट है। स्टेट हाइवे 26 में ही आशाधाम से 500 मीटर इंदौर की ओर खतरनाक रास्ता है। इस मार्ग में एक व्यक्ति की मृत्यु और सात से ज्यादा घायल हो चुके हैं।
- पंधाना थाना क्षेत्र में पंधाना से खंडवा रोड पर रेस्ट हाउस से सिल्टिया पुल तक ब्लैक स्पॉट है और यहां वर्ष 2021 में हुई सड़क दुघर्टनाओं में 4 व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है।
- हरसूद थाना क्षेत्र में होशंगाबाद खंडवा स्टेट हाइवे 15 पर बैतूल फाटा से फॉरेस्ट डिपो के मोड़ तक ब्लैक स्पॉट है। यहां तीन वर्षों में 4 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। हरसूद इलाके में ही सिवनी मूल ताई बैतूल खंडवा स्टेट हाइवे 26 में जामनी गुर्जर रोड बैतूल हाइवे से अंदर फारेस्ट नर्सरी के अंदर 500 मीटर दूर तक खतरनाक रास्ता है। यहां तीन वर्ष में 2 व्यक्तियों की मौत हुई।
- पिपलोद थाना इलाके में स्टेट हाइवे 50 पर खंडवा से देड़तलाई मार्ग पर स्टेट हाइवे बिजली ऑफिस सिंगोट से पेट्रोल पंप तक खंडवा की ओर ब्लैक स्पॉट है। यहां तीन व्यक्तियों की जान चली गई और 12 घायल हुए हैं।
- मूंदी थाना क्षेत्र में बागरदा पुर्नवास के आगे तेलिया फाटे से 500 मीटर आगे तक खतरनाक रास्ता है। यहां 6 लोगों की जान इन तीन वर्षों में जा चुकी है।
- छैगांवमाखन इलाके में इंदौर इच्छापुर स्टेट हाइवे 27 में देशगाव घाटी ब्लैक स्पॉट है। इधर हाल ही में सवारी बस पलट जाने से दो लोगों की जान गई थी और 22 से ज्यादा घायल हुए थे। वर्ष 2019 से अब तक यहां कुल 3 लोगों की जान चली गई।
- मांधाता थाना क्षेत्र में इंदोर इच्छापुर स्टेट हाइवे 27 में शनि मंदिर के पास राधा स्वामी सत्संग व्यास से सिंचाई कॉलोनी तक ब्लैक स्पॉट पर तीन वर्ष में 5 लोगों की जान गई और 13 घयल हुए। इसी इलाके में सत्यम वाटर पार्क के पास कोठी से सनावद रोड पर 4 लोगों की मौत हो गई और 6 घायल हुए हैं।
- धनगांव थाना इलाके में सनावद पुनासा रोड में नेतनगांव हथियाबाबा के पास ब्लैक स्पॉट चिन्हित किया गया है। यहां हाल ही के दो वर्षों में तीन लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
- जावर थाना क्षेत्र में हरदा से होशंगाबाद स्टेट हाइवे 15 पर दानाबाबा पुलिया भावसिंहपुरा खतरनाक स्थान है। यहां तीन वर्ष में 5 व्यक्तियों की मृत्यु और 9 घायल हो गए।
- खालवा इलाके में आशापुर बैतूल रोड पर ब्लैक स्पॉट है। यहां तीन वर्षों में 5 व्यक्तियों की जान जा चुकी है।
कागजी घोड़े दौड़ाते अफसर
लंबे अर्से के बाद इस साल सड़क सुरक्षा समिति की बैठक अप्रैल माह में हो सकी। इस बैठक में लिए गए निर्णयों में कलेक्टर ने अपने स्तर पर भारी वाहनों के लिए नोएंट्री लागू कर दी। इसके अलावा जो निर्देश दिए गए थे या पुरानी बैठकों में जो एजेंडा रहा उन पर काम नहीं हुआ। संबंधित विभाग सिर्फ कागजी घोड़े दौड़ा रहे हैं। जबकि इस ओर गंभीरता बरतना जरूरी है।
Published on:
12 May 2022 12:18 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
