खंडवा.
पश्चिमी विक्षोभ और विदर्भ के चक्रवाती तूफान सिस्टम के चलते जिले में लगातार तीसरे दिन भी बारिश को दौर जारी रहा। शहर सहित जिले के खंडवा, छैगांवमाखन, हरसूद, खालवा, पंधाना ब्लॉक में जोरदार बारिश हुई। हालांकि चक्रवाती तूफान अब छिंदवाड़ा की ओर मुड़ गया है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के चलते रविवार को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं, बारिश के चलते मौसम में भी ठंडक घुल गई है।
मानसून की विदाई के बाद भी लगातार बारिश से गर्मी का सीजन पता नहीं चल रहा है। शनिवार को विदर्भ के चक्रवाती तूफान के असर के चलते जिलेभर में रुक-रुककर बारिश होती रही। शाम को 57 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और जोरदार बारिश हुई। शनिवार को कुल 45 मिनट तक 9 मिमी बारिश दर्ज हुई है। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक और मौसम विशेषज्ञ डॉ. सौरव गुप्ता ने बताया कि खालवा और हरसूद ब्लॉक में तेज बारिश हुई है। चक्रवाती तूफान जिले से निकल गया है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी भी बना हुआ है। रविवार को भी बारिश हो सकती है। वहीं, जिले में 6 मई तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। बारिश से जान-माल की हानि का कोई समाचार नहीं है।
गर्मी में ठंड जैसा मौसम
लगातार बारिश से मौसम भी ठंड हो गया है। गर्मी के मौसम में ठंड के मौसम जैसा अहसास हो रहा है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में पिछले 24 घंटों में भारी गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान 5 डिग्री और रात का तापमान 1 डिग्री कम हुआ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री था। वहीं, शनिवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री पर पहुंच गया। कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. सौरव गुप्ता के अनुसार 5 मई तक तापमान 40 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा। इसके बाद गर्मी बढ़ सकती है।