महाराष्ट्र से चले चक्रवाती परिसंचलन के असर से शनिवार को जिले के तीन ब्लॉक में झमाझम बारिश हुई। शनिवार सुबह से आसमान पर बादल छाए हुए थे, बीच-बीच में सूर्य निकलने से उमस की स्थिति भी बनीं हुई थी। रात को अचानक मौसम बदला और 9.55 बजे से बारिश शुरू हो गई जो रात 10.35 पर रुकी। बादलों के चलते दिन के तापमान में दो डिग्री तो रात क तापमान में 2.4 डिग्री की कमी आई। मौसम विज्ञानी के अनुसार रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। उसम बढऩे से बारिश की संभावना भी रहेगी।
शनिवार को दिन का तापमान 36.5 डिग्री और रात का तापमान 22.0 डिग्री पर पहुंच गया। जिला कृषि मौसम इकाई प्रभारी डॉ. सौरव गुप्ताने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते महाराष्ट्र से चले बादलों ने बैतुल की ओर से खालवा में प्रवेश किया। खालवा क्षेत्र में रात करीब 8.30 बजे से बारिश शुरू हुई जो पौन घंटा चली। इसके बाद बादल खंडवा की ओर पहुंचे और झमाझम बारिश की। पंधाना ब्लॉक में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। डॉ. गुप्ता ने बताया कि आगामी तीन दिन ऐसा ही मौसम रहेगा। बादल आसमान पर बने रहेंगे और जैसे ही उमस बढ़ेगी, बारिश की संभावना भी बनीं हुई है। इसके बाद 28 मई से जिलेभर में तेज बारिश के आसार भी बनते दिख रहे है।
आज से नौतपा, नहीं तपेगा इस बार
रविवार से नौतपा रोहणी नक्षत्र शुरू हो रहा है। कहा जाता है कि नौतपा तपा तो मानसून अच्छा रहता है। इस बार नौतपा के तपने के आसार कम ही नजर आ रहे है। मई में अब तक 19 दिन तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहा है। मई के पहले चार दिन और 18 मई को तापमान 40 से उपर गया था। मौसम विशेषज्ञ की माने तो रविवार को भी बारिश होने की संभावना है। शनिवार रात हुई बारिश के बाद रविवार को भी तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना कम ही है।