
बीएसएफ जवान प्रधान गुर्जर की हत्या के बाद गुस्साए ग्रामीणों की समझाइश करते विधायक सुरेश टांक तथा (इनसेट) मृतक प्रधान गुर्जर (फाइल फोटो)
मदनगंज-किशनगढ़(अजमेर). किशनगढ़ उपखंड के तिलोनिया गांव में बुधवार कीचड़ में फंसी एक कार में सीमा सुरक्षा बल के जवान का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रधान गुर्जर (२७) निवासी ग्राम माली के रूप में हुई। वह सिक्किम में तैनात था। छुट्टियों में अपने गांव माली आया था। मृतक के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान है। हत्यारों ने मृतक की पहचान न हो, इसके लिए चेहरे को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। उधर मृतक का भतीजा जीतू भी लापता है।
प्रधान गुर्जर छुट्टियों में कुछ दिन पहले अपने गांव माली आया था। मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे वह घर से अपनी कार में अजमेर जाने का कहकर निकला था। अजमेर के पास भूणाबाय स्थित एक डिफेन्स एकेडमी में वह अपने दो भाइयों से मिलने गया था। प्रधान के साथ उसका भतीजा जीतू गुर्जर सहित दो अन्य लोग भी थे। सभी लोग रात को करीब साढ़े बजे एकेडमी से निकले लेकिन घर नहीं पहुंचे।
शीशों पर लगा था खून
तिलोनिया में तालाब के पास सुबह प्रधान की कार लावारिस हालत में कीचड़ में फंसी मिली। ग्रामीणों ने टै्रक्टर से कार को बाहर निकलवाया। गाड़ी के शीशों पर खून लगा था तथा अंदर प्रधान की लाश पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने शव को किशनगढ़ के यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों में फैला रोष
अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने पंचनामा फाड़ दिया तथा पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग करते हुए शव लेने से इन्कार कर दिया। उन्होंने लापता जीतू गुर्जर के साथ भी अनहोनी की आशंका जताते हुए उसे जल्द तलाश करने की मांग की। बाद में क्षेत्रीय विधायक सुरेश टांक की समझाइश पर ग्रामीण पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। वारदात की जानकारी मिलने पर सांसद भागीरथ चौधरी भी पहुंच गए तथा ग्रामीणों से बातचीत की।
-----------------
Published on:
11 Sep 2019, 9:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.