जलपाईगुड़ी . इस्लामपुर से कोलकाता तस्करी के लिए लाए जा रहे 9 नाबालिगों को पुलिस ने बचा लिया। सभी को जलपाईगुड़ी चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सौंप दिया गया है। उन्हें कालियाचक होम में रखने का निर्देश दिया गया है। सूत्रों के अनुसार मंगलवार की रात को 11 बजे सभी इस्लमापुर बस स्टेंड पर जमा हुए थे। उनके साथ तस्कर भी शामिल थे। पुलिस को सूचना मिली, पुलिस ने घेराबंदी की। जिसकी भनक तस्करों को लग गई। वे 9 नाबालिगों को वहीं छोडक़र फरार हो गए। इस्लामपुर पुलिस ने नाबालिगों से पूछताछ की। सभी उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर थानान्तर्गत रामगंज के रहने वाले है। उनकी उम्र 12 से 17 साल के बीच की है। सभी को काम का प्रलोभन देकर कोलकाता लाया जा रहा था। पुलिस तस्कर की तलाश कर रही है। जलपाईगुड़ी चाइल्ड वेलफेयर कमेटी पूरे मामले की जांच कर रही है।