5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोलकाता के बाद हावड़ा में नोटों की बारिश

कोलकाता के बाद हावड़ा में नोटों की बारिश होती नजर आई है। इस साल जुलाई के बाद मानसून की बारिश के साथ राज्य में नोट भी बरसे हैं। केंद्रीय या राज्य जांच एजेंसियों ने कई बार बड़ी मात्रा में नकदी जब्त की है।

3 min read
Google source verification
कोलकाता के बाद हावड़ा में नोटों की बारिश

कोलकाता के बाद हावड़ा में नोटों की बारिश

व्यवसायी की कार से 2.20 करोड़ कैश, हीरे और सोने के आभूषण जब्त
खातों से बड़ी रकम के लेन-देन के बाद पुलिस का तलाशी अभियान
हावड़ा. कोलकाता के बाद हावड़ा में नोटों की बारिश होती नजर आई है। इस साल जुलाई के बाद मानसून की बारिश के साथ राज्य में नोट भी बरसे हैं। केंद्रीय या राज्य जांच एजेंसियों ने कई बार बड़ी मात्रा में नकदी जब्त की है। पुलिस ने एक व्यवसायी के हावड़ा जिले के शिवपुर स्थित अपार्टमेंट के बाहर खड़ी एक कार से शनिवार आधी रात को 2.20 करोड़ रुपए नकदी, हीरे और सोने के आभूषण जब्त किए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो व्यवसायी भाइयों-शैलेश पांडे और अरविंद पांडे के शिवपुर इलाके में आवासीय परिसर में फ्लैट हैं। शिवपुर स्थित रिवर डेल आवास पर छापेमारी के दौरान अरविंद की कार से राशि जब्त की गई। अधिकारी ने बताया कि केनरा बैंक की नरेंद्रपुर शाखा की ओर से कोलकाता पुलिस में 14 अक्टूबर को उन दोनों लोगों के खातों द्वारा बड़ी रकम के लेन-देन की शिकायत मिलने के बाद तलाशी अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि हरे स्ट्रीट थाने में मामला दर्ज किया गया था और कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग के बैंक धोखाधड़ी रोधी अनुभाग ने जांच शुरू की थी।
--
फ्लैट को सील किया
पुलिस अधिकारी ने कहा कि छापेमारी के बाद फ्लैट को सील कर दिया गया। तलाशी अभियान के दौरान परिवार के सदस्य दोनों आवासीय फ्लैट में मौजूद नहीं थे। शिवपुर थाने के अधिकारियों की सहायता से कोलकाता पुलिस की एक टीम ने राशि जब्त की। पुलिस टीम या मीडिया का पांडे बंधुओं से अब तक संपर्क नहीं हो सका है।
--
दो बैंक खातों के 20 करोड़ फ्रीज
कोलकाता पुलिस के मुताबिक आरोपी व्यक्तियों ने आपराधिक साजिश रचकर केनरा बैंक की नरेंद्रपुर शाखा में दो कंपनियों के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के साथ दो खाते खोले। जिनमें बड़े ऑनलाइन लेनदेन किए गए। जिनकी जांच में कई खातों का पता चला। दोनों खातों में विदेशी मुद्रा व्यापार के कुछ ऑनलाइन कोर्स के बहाने के लेनदेन के रिकार्ड मिले। अब तक दो खातों में मौजूद लगभग 20 करोड़ रुपए ब्लॉक किए किये गये हैं।
--
कई बार बड़ी मात्रा में नकदी जब्त
इस साल जुलाई के बाद राज्य में केंद्रीय या राज्य जांच एजेंसियों ने कई बार बड़ी मात्रा में नकदी जब्त की है। ईडी ने शिक्षक भर्ती घोटाले में पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी की निकट सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के दो फ्लैटों से लगभग 50 करोड़ रुपए कैश बरामद किए। ईडी ने गार्डनरीच के परिवहन व्यवसायी के घर पर छापे मारकर पलंग के नीचे से 17 करोड़ कैश जब्त किए। मालदह और नैहाटी स्टेशनों से भी भारी मात्रा में नकदी जब्त की गई।
--
इसलिए किया नोटबंदी का विरोध: भाजपा
भाजपा प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में आम आदमी के पास पैसा नहीं है, लेकिन लोगों के एक छोटे से वर्ग ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के समर्थन से गलत तरीके से बड़ी संपत्तियां अर्जित की हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही कारण है कि टीएमसी ने 2016 में नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा नोटबंदी का विरोध किया ताकि पश्चिम बंगाल में लोगों के एक वर्ग द्वारा जमा किए गए काले धन का पता न चले?
--
नोटबंदी से काले धन पर रोक नहीं लगी: तृणमूल
पलटवार करते हुए टीएमसी के राज्यसभा सदस्य शांतनु सेन ने कहा कि इस तरह की जब्ती साबित करती है कि नोटबंदी से काले धन के प्रचलन को रोकने में मदद नहीं मिली। हाल में गुजरात में नोट की जब्ती के बारे में क्या कहेंगे? सेन ने यह भी कहा कि जब्ती इस बात का संकेत है कि कोलकाता पुलिस और राज्य पुलिस अवैध रूप से जमा धन की तलाश में हैं। टीएमसी सांसद ने कहा कि हमें अपने पुलिस बल पर गर्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विभिन्न राज्यों में विपक्षी दलों की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकारों को गिराने के लिए राजनीतिक कार्यक्रमों के वित्तपोषण और जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त के लिए पार्टी के करीबी लोगों द्वारा जमा किए गए काले धन का उपयोग कर रही है।