
AIMIM ने 12 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की (Photo-IANS)
Bengal Elections 2026: बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पहली लिस्ट में 12 उम्मीदवारों का नाम है। इस चुनाव में हुमायूं कबीर की जनता उन्नयन पार्टी के साथ AIMIM का गठबंधन है। विधानसभा चुनाव को लेकर ओवैसी और कबीर ने चुनाव प्रचार भी तेज कर दिया है।
AIMIM ने आसनसोल से दानिश अजीज, सुरजापुर से रेजाउल करीम, रघुनाथगंज से इमरान सोआंकी, कांडी से मिसबाहुल इस्लाम खान, मोथाबाड़ी से मोहम्मद मोस्ताहिद हक, नलहाटी से हाजी अंसार एसके साब, मोरारी से तासिर एसके साहब, बारासात से मोनाएम सरदार, करंदीघी से मेहबूब आलम, सूती से असादुल एसके, बसिरहाट दक्षिण से शबाना परवीन और हाबरा से असिक राज मंडल को प्रत्याशी बनाया है।
विधानसभा चुनाव को लेकर AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी और जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। उन्होंने मुर्शिदाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सीएम ममता बनर्जी और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ममता पर मुस्लिमों का वोट लेने का भी आरोप लगाया।
रैली को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि बीजेपी और ममता बनर्जी एक ही सिक्के के दो पहलू है। प्रदेश में ममता बनर्जी ने मुसलमानों को वोट बैंक के लिए इस्तेमाल किया है, लेकिन विकास कुछ नहीं किया। इस दौरान ओवैसी ने यह भी दावा किया कि पिछले 50 वर्षों में मुस्लिम समुदाय ने कांग्रेस, वाममोर्चा और तृणमूल कांग्रेस को वोट दिया, लेकिन उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
गुरुवार को चुनावी रैली के दौरान मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का निर्माण कराने वाले हुमायूं कबीर ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुसलमानों का वोट ममता बनर्जी को जाता है और तीन बार सीएम बनने के बाद मंदिर बनवा रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजारहाट में ममता बनर्जी मुसलमानों की जमीन लेकर दुर्गा मंदिर का निर्माण करा रही है।
प्रदेश की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 4 मई को होगी। इस बार टीएमसी और बीजेपी के बीच मुकाबला माना जा रहा है, लेकिन कांग्रेस, लेफ्ट और हुमायूं-ओवैसी के गठबंधन से मुकाबला रोमांचक हो गया है।
Updated on:
03 Apr 2026 12:42 pm
Published on:
03 Apr 2026 12:26 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
