
Jetty broken by tide : ज्वार के वेग से अहिरीटोला जेटी टूटी, पुल गिरा नदी में
कोलकाता (Kolkata)
गंगा नदी में रविवार की दोपहर ज्वार में अहिरीटोला जेटी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। तेज गति से आए ज्वार के कारण जेटी व पैदल पुल का सम्पर्क टूट गया। दुर्घटना में भूतल परिवहन विभाग का एक कर्मचारी जख्मी हो गया। उसका नाम राजकुमार साह (45) है। उसके पांव में चोट लगी है। उसका इलाज ईएसआई अस्पताल मानिकतल्ला में चल रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक ज्वार के दौरान जेटी पर मौजूद एक व्यक्ति नदी में गिर गया था, उसे लोगों ने बचा लिया। उसे सामान्य चोट लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर १२ बजे के करीब तेजी से आए ज्वार का वेग जेटी और पुल सह नहीं सके। जेटी के संतुलन को साधने वाली लोहे की जंजीर टूट गई। इधर पुल का खंभा उखड़ गया। पुल नदी में जा गिरा। जिस समय ज्वार आया उस समय जेटी पर यात्री नहीं थे लेकिन पुल पर कई जने मौजूद थे। यात्री अगर जेटी पर होते तो बड़ी घटना घट सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही नॉर्थ पोर्ट थाने के पुलिसकर्मी ,मंत्री शशि पांजा, स्थानीय पार्षद विजय उपाध्याय और भूतल परिवहन विभाग के अधिकारी व राहत व बचाव दल के कर्मचारी पहुंचे। ज्वार के वेग से दूर जा चुकी जेटी को किनारे पर लाने के लिए क्रेन की सहायता ली गई। घटना के बाद अहिरीटोला जेटी से स्टिमर परिवहन सेवा को बंद रखा गया। जेटी के मरम्मत का काम चल रहा है। ज्ञात हो कि कुछ माह पहले नीमतल्ला घाट पर शव दाह करने के बाद गंगा में स्नान करने गए एक ही परिवार के ९ सदस्य इस प्रकार के ज्वार में पानी में बह गए थे। जिसमे तीन जने की मौत हो गई थी। मृतकों का शव एक दिन बाद नदी से मिला था।
Published on:
01 Sept 2019 11:11 pm
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
