
पीएम मोदी ने रैली को संबोधित किया (Photo-IANS)
PM Modi Singur rally: पश्चिम बंगाल में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले राजनीतिक पार्टियों द्वारा तैयारी भी तेज कर दी है। इसी बीच रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने सिंगूर में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सीएम ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा और मौजूद लोगों से बीजेपी की सरकार बनाने की भी अपील की।
रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राज्य की जनता टीएमसी को सत्ता से हटाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। टीएमसी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां पर बहुत बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और किसान आए हैं। सभी एक ही उम्मीद के साथ आए हैं कि हम वास्तविक बदलाव चाहते हैं। हर कोई 15 साल के महान जंगलराज को बदलना चाहता है। बीजेपी ने बिहार में एक बार फिर जंगलराज को रोक दिया है, और अब पश्चिम बंगाल भी टीएमसी के महान जंगलराज को विदाई देने के लिए तैयार है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि TMC सरकार पश्चिम बंगाल और देश की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ कर रही है, इसलिए यहां के युवाओं को, खासकर, बहुत सावधान रहने की ज़रूरत है। TMC यहां घुसपैठियों को हर तरह की सुविधाएं देती है।
उन्होंने आगे कहा कि घुसपैठियों को बचाने के लिए विरोध प्रदर्शन करती है। पिछले 11 सालों से केंद्र सरकार बार-बार TMC सरकार को चिट्ठी लिख रही है कि बंगाल बॉर्डर पर फेंसिंग लगाने की ज़रूरत है, जिसके लिए ज़मीन चाहिए, लेकिन TMC को कोई परवाह नहीं है। TMC ऐसे गैंग को संरक्षण देती है जो घुसपैठियों को सुरक्षा देते हैं और उनके लिए नकली डॉक्यूमेंट बनाते हैं। अब समय आ गया है जब घुसपैठ को पूरी तरह से रोकना होगा।
रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अपार संभावनाएं हैं; यहाँ बड़ी-बड़ी नदियाँ हैं, विस्तृत तटरेखाएँ हैं, और उपजाऊ भूमि है। पश्चिम बंगाल के हर जिले की अपनी कुछ खासियत है। भाजपा हर जिले की इस ताकत को और बढ़ाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्रीय योजनाओं को जनता तक पहुंचने से रोक रही है। उन्होंने कहा कि मैं बंगाल के लोगों की सेवा करना चाहता हूँ, लेकिन टीएमसी सरकार केंद्रीय योजनाओं के लाभों को उन तक पहुँचने से रोकती है।
उन्होंने कहा, "केंद्र ने देशभर के मछुआरों के पंजीकरण के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाया था, लेकिन टीएमसी ने इस पर रोक लगा दी है।" उन्होंने आगे कहा, "केंद्र सरकार विकसित पूर्वी भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए काम कर रही है।"
Published on:
18 Jan 2026 05:03 pm

बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
