पूर्व मिदनापुर के खडग़पुर में चुनाव प्रचार कर रही ममता बनर्जी दुर्घटना की खबर मिलते ही बीच में चुनाव प्रचार रद्द कर कोलकाता के लिए रवाना हो गई। कोलकाता पहुंचते ही उन्होंने घटना स्थल का दौरा किया और कहा कि यह दुर्घटना वेदनादायक है। इसके जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषी पाए जाने वालों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के लिए उक्त फ्लाई ओवर बनाने वाली हैदराबाद की कंपनी आईआरवीसीएल को जिम्मेदार ठहराते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि इस मामले में आईआरवीसीएल की गलती है। इसके निर्माण का निर्देश वाममोर्चा सरकार ने दिया था। वर्ष 2011 में तृणमूल कांग्रेस सरकार बनने के बाद फ्लाई ओवर के निर्माण और आईआरवीसीएल के खिलाफ उनकी सरकार को बहुत सारी शिकायतें मिली थी। सरकार ने आईआरवीसीएल से फ्लाई ओवर की निर्माण योजना की रिपोर्ट मांगी थी।
उन्होंने दुर्घटना की जांच का काम राज्य के मुख्य सचिव बासुदेव बनर्जी को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव के नेतृत्व में गठित जांच कमेटी इस हादसे की जांच करेगी। कमेटी में गृह सचिव, डीजी अपराध, कोलकाता पुलिस आयुक्त और लोक निर्माण विभाग के सचिव शामिल हैं।
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए एक फैक्ट फाइंडिंग कमेटी भी बनाई गई है। इसमें आईआईटी खडग़पुर के निर्माण संबंधित विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। वे यह पता लगाएंगे कि यह दुर्घटना कैसे हुई।
घटनास्थल पर तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों की नारेबाजी पर नाराजगी जताते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि यह राजनीति करने की जगह नहीं है। यह बहुत ही दु:खद घटना है। कोई भी यहां जिंदाबाद और मुर्दाबाद नहीं बोलेगा। उन्होंने कहा कि घायलों और पीडि़त परिवारों के साथ राज्य सरकार है। उन्हें हर तरह की मदद दी जाएगी।
जारी हुआ हेल्पलाइन नम्बर
घटना के तुरंत बाद हेल्पलाइन नम्बर जारी किए गए। नवान्न का कंट्रोल रूम नम्बर, कोलकाता पुलिस का कंट्रोल रूम नम्बर और डीएमजी का नम्बर जारी किया गया।
नवान्न- 1070
केपी हेल्प लाइन नम्बर-033 22143024, 033 2214 3230 और 9432624365
डीएमजी हेल्पलाइन नम्बर 033 2214 3526
राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने हादसे पर दुख जताया
राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने कोलकाता में विवेकानंद फ्लाईओवर हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के.एन. त्रिपाठी को भेजे संदेश में राष्ट्रपति ने लिखा है '' कोलकाता में निर्माणाधीन विवेकानंद फ्लाईओवर के ढहने और बड़ी संख्या में लोगों के मरने और घायल होने की खबर से मैं दुखी हूं। मैं समझता हूं कि राहत व बचाव कार्य चल रहा है। मैं सुनिश्चित हूं कि राज्य सरकार और अन्य एजेन्सियां हादसे के शिकार हुए लोगों के परिजनों को हर संभव मदद तथा घायलों के इलाज के लिए कदम उठाएंगी। मैं हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की मंगल कामना करता हूं।
उप राष्ट्रपति हमिद अंसारी ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। अंसारी ने अपने शोक संदेश में कहा कि कोलकाता में हुए फ्लाईओवर हादसे में लोगों की मौत और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने पर उन्हें गहरा दुख हुआ है। वे स्तब्ध हैं। वे प्रार्थना करते है कि ईश्वर हादसे के शिकार हुए लोगों के बहादुर परिजनों को इस हादसे से हुई क्षति को भुलाने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए मंगल कामना करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो फिलहाल अमरीका में हैं, ने भी उक्त हादसे को लेकर शोक व्यक्त किया है। मोदी ने ट्विट किया है कि कोलकाता में फ्लाईओवर हादसे से वे मर्माहत हैं। जिन लोगों ने हादसे में अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी संवेदना है। हादसे में घायल हुए लोग यथा शीघ्र स्वस्थ हों, उनकी कामना है। राहत व बचाव कार्य जारी रखा जाए।