पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार राज्य की 28 हजार दुर्गा पूजा कमेटियों को पूजा अनुदान देगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को पूजा कमेटियों को 10 -10 हजार रुपया अनुदान देने की घोषणा की। जिसपर राज्य सरकार का 28 करोड़ रुपए खर्च होगा। इसके अलावा उन्होंने पूजा कमेटियों से लिए जाने वाले फायर लाइसेंस शुल्क की वसूली बंद करने और बिजली की दरों में छूट देने की भी घोषणा की।
दुर्गा पूजा कमेटियों के पदाधिकारियों, पुलिस और सर्वधर्म नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इस दिन कहा कि राज्य सरकार महानगर कोलकाता की तीन हजार व राज्य की 25 हजार पूजा कमेटियों को आर्थिक सहायता देगी। महानगर में कोलकाता कोलकाता पुलिस के जरिए कोलकाता नगर निगम (केएमसी) और दमकल विभाग आर्थिक सहायता देगा। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा कमेटियों को उपभोक्ता विभाग, सेल्फ हेल्प ग्रुप विभाग और पर्यटन विभाग पूजा अनुदान देगा। बैठक में राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम, दमकल मंत्री और कोलकाता के मेयर शोभन चटर्जी, डीजीपी बीरेन्द्र, कोलकाता के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार और विभिन्न धर्मों के नेता उपस्थित थे।