
हावड़ा के पूजा मंडपों में उमड़े दर्शनार्थी
हावड़ा
महाषष्टी के दिन हावड़ा नगर के विभिन्न पूजा मंडपों में रंग बिरंगे, नए कपड़ों में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खुशगुवार मौसम के बीच हर उम्र के लोग पूजा मंडपों और प्रतिमाओं के दर्शन के लिए निकले। जिधर नजर जा रही थी लोगों की भीड़ ही भीड़ दिखी। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को एड़ी चोटी का दम लगाना पड़ा। पूजा घूमने वालों का कहना है कि क्या पता फिर से बारिश आ जाए और उनके पूजा घूमने की उम्मीद पर पानी फिर जाए। इसलिए मौसम साफ होने से वे दर्शन कर लेना चाहते हैं।
इधर, रामकृष्ण स्वामीजी स्मृति संघ की ओर से आयोजित की जा रही पहली पूजा के पंडाल और प्रतिमा दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। संघ ने बीच गंगा में जहाज पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने का प्रचार किया था जिसे टाल दिया गया, इसके बावजूद प्राचीन मां दुर्गा की प्रतिमा देखने के लिए जिलों से भारी संख्या में दर्शनार्थी आ रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पूजा में आ रहे दर्शनार्थियों के कारण ग्रांड फोरशोर रोड व फोरशोर रोड में वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
हावड़ा घास बागान स्पोर्टिग क्लब के स्वर्ण जयंती के मौके पर बनाया गए पूजा मंडप को देखने वाले दर्शनार्थियों की लम्बी कतार देखी गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूजा आयोजकों व पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
पूजा कमेटी के चेयरमैन अजय कुमार सिंह व अध्यक्ष अर्जुन पात्र ने बताया कि सोमवार की शाम चार बजे से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पंडाल में इस बार भी मां दुर्गा के नौ रूपों को दर्शाया गया है।
वहीं राम लाल मुखर्जी लेन व माधव घोष रोड में सलकिया अग्रदूत क्लब की पूजा में मां वैष्णों देवी की गुफा में मां दुर्गा को देखने के लिए दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी।
पूजा कमेटी के सदस्य सूर्यकांत सिंह व हमेंत वर्मा ने बताया कि श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं। सलकिया ६ पल्ली की ओर से नवान्न व बाजल पाडा रेजीस्टेंट ग्रुप की शिव की महिला वाले पूजा मंडप को देखने के लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ी।
Published on:
15 Oct 2018 09:22 pm
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
