
प्रत्यक्षदर्शी के बयान से पुलिस हिरासत में मौत से ऐसे उलझा मामला
कोलकाता (Kolkata )
सिंथी थाने में व्यवसायी राजकुमार साव की मौत की प्रत्यक्षदर्शी महिला आसुरा बीवी के बयान बदलने से मृतक के परिजन हैरान हैं, वहीं आसुरा ने गुरुवार को मृतक के दो बेटों के खिलाफ टाला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आसुरा ने मृतक के 2 बेटों पर धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप के मद्देनजर आसुरा की सुरक्षा पुलिस ने बढ़ा दी है।
ज्ञात हो कि आसुरा बीवी ३६ घंटे तक नाटकीय तरह से गायब रहने के बाद बुधवार रात 10 बजे के करीब राजा मनिन्द्र रोड स्थित रैन बसेरा (नाइट सेल्टर) में लौटी थी। उसे पुलिस लेकर रैन बसेरे में आई थी। सेल्टर में लौटने पर उसने बयान दिया कि उसे राजकुमार साव के बेटे धमकी दे रहे हैं, वह दो दिनों से अस्पताल में थी। उधर मृतक के परिजनों ने पुलिस पर दबाव देकर बयान बदलवाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दोषियों को बचाने के लिए कोई प्रभावशाली अधिकारी इस मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।
पीएम रिपोर्ट का इंतजार
राजकुमार साव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सबकी निगाहेें टिकी है। पुलिस के एक वरीय अधिकारी के मुताबिक, पीएम रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर जांच होगी। उन्होंने परिजनों के उन आरोपों को खारिज कर दिया है जिसमें आरोप लगाया गया है कि पुलिस अपनी पीठ बचाने के लिए पीएम रिपोर्ट बदलवा सकती है।
थाना प्रभारी पर लटकी तलवार
सिंथी थाने में सोमवार शाम चोरी का सामान खरीदने के आरोप में पूछताछ के दौरान कथित तौर पर व्यवसायी राजकुमार साव की मौत के मामले में जांच से जुड़े दो सब इंस्पेक्टरों और एक सार्जेंट को जांच चलने तक क्लोज किया गया है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही है कि इस मामले में थाना प्रभारी भी नप सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक थाना प्रभारी की मौजुदगी में यह घटना घटी है। थाना प्रभारी पर इस घटना की जानकारी अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को देर से देने का भी आरोप है।
Published on:
14 Feb 2020, 4:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.