
अनुव्रत मंडल व परिजनों के नाम पर 18 करोड़ की एफडी
मवेशी तस्करी मामला: सीबीआइ ने दाखिल किया पूरक आरोपपत्र
भ्रष्टाचार निरोधी धाराएं लगाई
कोलकाता. सीबीआइ ने मवेशी तस्करी मामले में शुक्रवार को आसनसोल की विशेष अदालत में पूरक आरोपपत्र पेश किया। इसमें बीरभूम जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अनुव्रत मंडल की नामी-बेनामी संपत्ति का जिक्र किया गया है। आरोपपत्र में मंडल व उनके परिजनों के नाम पर 18 करोड़ रुपए की सावधि जमा, 25 बेनामी संपत्तियों का जिक्र है। इसके साथ ही तीन चावल मिलों का उल्लेख किया गया है। मंडल व उनके परिजनों के वाहन चालकों के नाम पर विभिन्न बैंक खाते के विवरण भी शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही अनुव्रत की दिवंगत पत्नी चित्रा मंडल और बेटी सुकन्या मंडल के नाम पर कोलकाता और बीरभूम में कई संपत्तियां होने की बात कही गई है। वहीं अनुव्रत के बॉडीगॉर्ड रहे सहगल हुसैन और मवेशी तस्करी के मुख्य आरोपी इनामुल हक के बीच बातचीत का जिक्रभी आरोपपत्र में किया गया है। उल्लेखनीय है कि अनुव्रत की गिरफ्तारी के 57 दिन बाद सीबीआइ ने पूरक आरोपपत्र दाखिल किया है। इस मामले में पहली चार्जशीट फरवरी 2021 में दाखिल की गई थी। अनुव्रत मंडल इस समय न्यायिक हिरासत में हैं।
--
अब ईडी की गिरफ्त में आया सहगल
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को आसनसोल जेल में चार घंटे से अधिक समय तक पूछताछ के बाद अनुव्रत मंडल के बॉडीगार्ड रहे सहगल हुसैन को मवेशी तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी जांच में सहयोग नहीं करने पर की गई है। सहगल को सीबीआइ ने मवेशी तस्करी मामले में गिरफ्तार किया था। कोर्ट के आदेश पर वह आसनसोल जेल में बंद था। ईडी ने इसी मामले में सहगल से जेल में पूछताछ की। जिसके बाद उसे गिरफ्त में लिया गया।
--
दिल्ली में पूछताछ की तैयारी
सूत्रों के अनुसार साधारण सरकारी कर्मचारी सहगल के पास मिली करोड़ों की सम्पत्ति के स्त्रोत जानने के लिए जांच एजेंसी ने उसे हिरासत में लिया है। वह जांचकर्ताओं के सवाल के जवाब न देकर उन्हें गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। सूत्रों के अनुसार उसे दिल्ली ले जाकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
--
राजनीतिक सुरक्षा प्रदान करते थे मंडल
सीबीआइ की ओर से पेश किए आरोपपत्र में कुल 97 लोगों से पूछताछ के दौरान मिले बयानों का हवाला दिया गया है। आरोपपत्र में दावा किया गया है कि आरोपी नेता मंडल तस्करों को राजनीतिक संरक्षण प्रदान करते थे।
Published on:
07 Oct 2022 11:08 pm
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
