
हीरे की हार की चमक देखकर हो जाएंगे दंग, कीमत 50 लाख
कोलकाता (kolkata)
महानगर के एक हीरा व्यवसायी के वर्क शॉप से चोरी हुए 50 लाख रुपए मूल्य के हीरे के हार को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पहले यह अशांका व्यक्त की जा रही थी कि यह काम वर्कशॉप के कर्मचारी का हो सकता है। लेकिन जांच में जो सच्चाई सामने आई है, उससे खुद पुलिस भी हैरान है। पुलिस ने इस मामले में मुम्बई के एक हीरा व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। कोलकाता पुलिस (Kolkata Police) की एआरएस टीम ने मंगलवार रात नेताजी सुभाष चंद्र बोस हवाई अड्डे से उसको गिरफ्तार किया है। वह हार ले जाने के लिए मुम्बई से कोलकाता आया था।
क्या है पूरी घटना
मामला गिरीश पार्क थाना इलाके का है। शिकायतकर्ता प्रशांत मल ने पुलिस को इस चोरी की सूचना 23 अगस्त को दी थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने हीरे के हार (सोने की चेन में 97 पीस हीरे) को वर्कशॉप में दिया था। वर्कशॉप के कारीगर के मुताबिक हार की चोरी हो गई है। शिकायतकत्र्ता ने आरोप लगाया था कि हार की चोरी कारीगर ने की है। पुलिस ने कारीगर से पूछताछ की, लेकिन उसने चोरी की बात से इनकार कर दिया।
जांच में आया मोड़
पुलिस ने जांच में पाया कि वर्कशॉप में 1 महीने पहले एक नया कारीगर आया था। उसका नाम शेख हुसैन है। वह हुगली जिले के मीर डांगा, गुत्तीपाड़ा का रहने वाला है। पुलिस ने शक के आधार पर शेख हुसैन के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस को जानकारी मिली कि शेख हुसैन पहले भी दो-तीन जगह काम कर चुका है और उसने वहां पर आभूषणों की चोरी की है। उसे काम पर रखने के लिए एक हीरा कारोबारी पैरवी करता था। जांच में पाया गया कि मुम्बई के हीरा कारोबारी मन्नान शेख के कहने पर उसे वर्कशॉप में नौकरी पर रखा था। मन्नान शेख मूलत: कोलाकाता निवासी है, वह मुम्बई में हीरा के आभूषणों की दलाली करता है। वह कोलकाता के सभी हीरा कारोबारी व व्यापारियों से भली भांति परिचित है।
जमीन से बरामद हुआ हार
संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) ने बताया कि सबूतों के आधार पर पुलिस आश्वस्त थी कि हार की चोरी शेख हुसैन ने की है। पुलिस की टीम उसके घर (हुगली) छापेमारी करने पहुंची। पुलिस के पहुंचने के पहले वह फरार हो गया था। उसने हार को जमीन में दबा कर रखा था। पुलिस ने जमीन खोदकर हार को बरामद कर लिया। चोरी के हार को मन्नान शेख लेने के लिए मुम्बई से कोलकाता आया था। पुलिस ने मंगलवार रात को नेताजी सुभाष चंद्र बोस हवाई अड्डे से उसको गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ जारी है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह हीरा के आभूषणों की चोरी करने के बदले शेख हुसैन को २५ से ३० हजार रुपए कमीशन देता था और उससे चोरी किए हुए आभूषण को मुम्बई ले जाकर बेचता था।
Published on:
13 Sept 2019 03:35 pm
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
