तीन राज्यों में जीत के बाद बोले भाजपा नेता शुभेंदु
बीजेपी की सफलता से ज्यादा कांग्रेस की विफलता: तृणमूल
मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा की जीत के बाद जहां प्रदेश भाजपा ने खुशी जाहिर की है, वहीं तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा का अच्छा प्रदर्शन उसकी सफलता से ज्यादा कांग्रेस की विफलता है। तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने सोशल मीडिया पर संदेश में कहा कि इन तीन राज्यों के चुनाव नतीजे में ज्यादा कांग्रेस की विफलता नजर आ रही है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह सिर्फ एक लहर है। असली सुनामी का इंतजार है। लोकसभा चुनाव में हम मोदी सुनामी देखेंगे। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव नतीजों का असर पश्चिम बंगाल और ओडिशा पर भी पड़ेगा।
—
भाजपा को हराने में तृणमूल कर सकती है नेतृत्व प्रदान: कुणाल
कोलकाता. तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने दावा किया कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनावों के नतीजे कुछ ही महीने दूर लोकसभा चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण चुनावी घटनाक्रम है, लेकिन इसका आम चुनावों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि टीएमसी देश में भाजपा को हराने की लड़ाई में नेतृत्व प्रदान कर सकती है। घोष ने कहा कि अगर बीजेपी को हराना है तो राष्ट्रीय नेता के तौर पर ममता बनर्जी को जगह देनी चाहिए। तृणमूल नेता ने दावा किया कि इन राज्यों में चुनाव जीतने के लिए अन्य पार्टियों ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कल्याणकारी योजनाओं को आत्मसात किया है।
—
भाजपा को जवाब देने की ताकत ममता में: तृणमूल
तृणमूल नेता देवांशु भट्टाचार्य ने दावा किया कि कांग्रेस अभी बीजेपी को हराने में सक्षम नहीं है। देश में बीजेपी को हराने के लिए ममता बनर्जी ही असली प्रतिद्वंद्वी हैं। दुर्भाग्य से कांग्रेस के पास उत्तर भारत में एक भी डीके शिवकुमार नहीं है। कांग्रेस ऐसा नहीं बना पाई। कई मामलों में हमें अहंकार छोडक़र वास्तविकता को समझना सीखना होगा। सिर्फ मतदान के समय जागने से काम नहीं चलेगा। लोगों को पूरे साल उनके साथ रहना चाहिए। भाजपा को जवाब देने की ताकत ममता बनर्जी के अलावा और किसी में नहीं है।
—
छत्तीसगढ़ के बंगाली समुदाय को धन्यवाद: शुभेंदु
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को दावा किया कि तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन का पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति पर असर पड़ेगा, जहां 2024 के लोकसभा चुनावों में मोदी सुनामी आने का इंतजार किया जा रहा है। पत्रकारों से बात करते नेता प्रतिपक्ष ने छत्तीसगढ़ के बंगाली समुदाय को धन्यवाद दिया और दावा किया कि भाजपा के लिए उनके भारी समर्थन ने राज्य के विधानसभा चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाई। शुभेेंदु ने कहा कि मुझे छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं का फोन आया और उन्होंने मुझे बंगाल फैक्टर के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने दावा किया कि हम बंगाल में ठोस परिणाम देखेंगे और यहां इस भ्रष्ट और परिवारवादी सरकार का खात्मा निश्चित है। पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता तीन राज्यों में मिली इस जीत का जश्न मनाएंगे।
—
पार्टी कार्यकर्ताओं के हौसले हुए बुलंद: अग्निहोत्री
प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव शशि अग्निहोत्री ने पत्रिका को बताया कि तीन राज्यों में जीत से बंगाल के पार्टी कार्यकर्ता खासा उत्साहित हैं। जनता जर्नादन को हम धन्यवाद देते हैं। जहां हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके वहां भविष्य में और बेहतर करने की कोशिश करेंगे। राज्य पर भी इसका असर पड़ेगा। पार्टी कार्यकर्ता बुलंद हौसले के साथ लोकसभा चुनाव में उतरेंगे। हमारे पास नरेंद्र मोदी जैसे नेता हैं। जिनके भरोसे और जनता के आशीर्वाद से भाजपा अगला लोकसभा चुनाव भी बड़े अंतर से जीतेगी।