
महेशतला विस उपचुनाव: तृणमूल का कब्जा बरकरार
- वामदलों और कांग्रेस में तालमेल, फिर भी भाजपा दूसरे स्थान पर
- पिछली बार माकपा -कांग्रेस गठबंधन था दूसरे स्थान पर
कोलकाता
पश्चिम बंगाल की महेशतला विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने एक बार फिर बाजी मार ली है। पार्टी प्रत्याशी दुलाल चंद्र दास ने 62,765 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। भाजपा दूसरे एवं माकपा तीसरे स्थान पर रही। तृणमूल प्रत्याशी दुलाल चन्द्र दास को 104818 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी सुजीत कुमार घोष को 42053 एवं माकपा प्रत्याशी प्रभात प्रतिम चौधरी को 30384 वोट मिले। तृणमूल विधायक कस्तुरी दास के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। 28 मई को वोट डाले गए थे। 70 प्रतिशत मतदान हुआ था। विजयी उम्मीदवार दुलाल चंद्र दास दिवंगत विधायक कस्तुरी दास के पति तथा महेशतला नगरपालिका के चेयरमैन हैं। वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में माकपा -कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी शमिक लाहिरी दूसरे स्थान पर रहे थे। इस बार भी तालमेल के बावजूद माकपा-कांग्रेस के वोट प्रतिशत में भारी गिरावट आई है। पिछले विस चुनाव में माकपा-कांग्रेस गठबंधन को 42.20 फीसदी वोट मिले थे। इस बार महज 16.9 प्रतिशत वोट मिले हैं। तृणमूल कांग्रेस को 53.93 प्रतिशत एवं भाजपा को 23 प्रतिशत वोट मिले हैं।
तृणमूल कांग्रेस ने जीत का श्रेय राज्य सरकार के विकास कार्यों को दिया है। पार्टी सांसद व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि महेशतला की जनता ने ममता बनर्जी सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर दुबारा तृणमूल कांग्रेस को चुना है। तृणमूल कांग्रेस के महासिचव व मंत्री पार्थ चटर्जी ने भी चुनाव में जीत का श्रेय सराकार के विकास कार्यों को दिया। भाजपा प्रत्याशी सुजीत कुमार घोष ने कहा कि हम अपनी बात जनता तक नहीं पहुंचा पाए। फिर भी क्षेत्र में पार्टी का वोट प्रतिशत करीब 16 फीसदी बढ़ा है। माकपा के प्रत्याशी प्रभात प्रतिम चौधरी ने कहा कि हार का मुख्य कारण सत्ताबल और धनबल रहा है।
Published on:
31 May 2018 06:28 pm
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
