
महेशतला में 73 फीसदी मतदान
- तीन उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद
कोलकाता.
केंद्रीय सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी के बीच सोमवार को दक्षिण 24 परगना के महेशतला विस उपचुनाव के लिए वोट पड़े। शाम 5 बजे तक 73 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया। कुल 283 बूथों पर सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। करीब एक दर्जन बूथों पर ईवीएम में खराबी होने की शिकायत होने के कारण मतदान कुछ समय के लिए बाधित रहा। तृणमूल विधायक कस्तुरी दास के निधन से रिक्त हुए महेशतला विस उपचुनाव में तृणमूल के दुलाल चंद्र दास, माकपा के प्रभात प्रतीम चौधरी और भाजपा के सुजीत कुमार घोष के बीच मुख्य मुकाबला है।
ईवीएम में खराबी की शिकायत-
महेशतला में सुबह मतदान शुरू होने के कुछ ही समय के भीतर करीब एक दर्जन बूथों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायत मिली। इस कारण कुछ समय के लिए मतदान बाधित रहा। निर्वाचन आयोग के अनुसार ईवीएम में खराबी की शिकायत मिलने के पश्चात् आईटी इंजीनियरों की मदद से ईवीएम बदले गए। बूथ संख्या 157 के चक कृष्णनगर गुलाम हुसैन स्कूल और श्री श्री नारदामनी बालिका विद्यालय स्थित 202 नंबर बूथ में 35 मिनट तक तथा महेशतला गल्र्स हाई स्कूल के बूथ संख्या 160 में ईवीएम में गड़बड़ी के कारण करीब एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। आयोग के सूत्रों ने बताया कि शांतिपूर्ण और निर्विघ्न मतदान कराने के लिए कुल 10 कम्पनी केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। कुल 2 लाख 48 हजार 665 मतदाताओं ने तृणमूल कांग्रेस, माकपा और भाजपा उम्मीदवार का भाग्य निर्धारण किए। 2011 और 2016 के विधानसभा चुनाव में कस्तुरी दास तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुई थी।
कड़े मुकाबले में तृणमूल कांग्रेस-
पिछले विधानसभा (2016) चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को 12,452 वोटों के अंतर से जीत हासिल हुई थी। जबकि 2011 के चुनाव में कस्तुरी बहुकोणीय मुकाबले में 24,283 वोटों से विजयी हुई थी। पिछले 5 साल में तृणमूल के जनाधार में कमी आने तथा वर्तमान में राज्य में भाजपा का बढ़ता जनाधार तृणमूल को कड़े मुकाबले में ला दिया है।
सभी बूथों पर सीसीटीवी और वीवीपैट-
निर्वाचन आयोग ने सभी 283 बूथों पर सीसीटीवी तथा ईवीएम के साथ वीवीपैट की भी व्यवस्था की थी। ताकि मतदाता अपना वोट किसे दिया, यह जान सके। आयोग के सूत्रों ने बताया कि मतदान केंद्रों के बाहर दृष्टिहीन वोटरों की मदद के लिए ब्रेल के बारे में डिस्प्ले किया गया था।
Published on:
28 May 2018 09:14 pm
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
